सूरत : मारवाड़ी युवा मंच ने शुरू किया ‘अमृत धारा’ जल सेवा प्रकल्प, सैकड़ों विद्यार्थियों और आमजन को मिलेगा शुद्ध पेयजल
श्री सरस्वती महाविद्यालय परिसर में हुआ शुभारंभ, अतिथियों ने सेवा कार्य को बताया समाजहित की प्रेरणादायी पहल
मारवाड़ी युवा मंच, सूरत शाखा द्वारा समाजसेवा के उद्देश्य से संचालित “अमृत धारा” जल सेवा प्रकल्प का शुभारंभ श्री सरस्वती महाविद्यालय के प्रांगण में किया गया। भीषण गर्मी के बीच शुरू किए गए इस सेवा प्रकल्प का उद्देश्य विद्यार्थियों, आगंतुकों एवं आमजन को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराना है।
प्रकल्प के शुभारंभ अवसर पर नगर की लोकप्रिय कॉर्पोरेटर श्रीमती सुमन गर्ग तथा पूर्व राज्यसभा सदस्य श्रीमती सविता सारड़ा की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने मंच द्वारा किए जा रहे जनसेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसे समाजहित में एक अनुकरणीय एवं सराहनीय पहल बताया।
कार्यक्रम में मंच के अध्यक्ष अभिषेक खेतान, संरक्षक रणजीत चौधरी, राहुल बजाज, प्रकाश बिंदल, गणेश अग्रवाल, सचिव सुशांत बजाज, कौशल गोयल, संयोजक राजेश डालमिया, अमित केड़िया, दीपक डालमिया, सुमित तापड़िया, अभिषेक पटोदिया सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
मंच के इस सेवा प्रकल्प के माध्यम से श्री सरस्वती महाविद्यालय के लगभग 600 विद्यार्थियों सहित परिसर में आने वाले सभी आगंतुकों एवं आमजन को शुद्ध और ठंडे पेयजल की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इससे गर्मी के मौसम में लोगों को राहत मिलने के साथ-साथ स्वास्थ्य सुरक्षा को भी बढ़ावा मिलेगा।
मंच पदाधिकारियों ने बताया कि “अमृत धारा” जल सेवा प्रकल्प की सफलता में राजेश चौधरी, श्रीमती कृष्णा गुप्ता एवं दीपक गुप्ता का विशेष और प्रेरणादायी योगदान रहा है। उनके सहयोग, सामाजिक प्रतिबद्धता और जनकल्याण की भावना के कारण इस प्रकल्प का प्रभावी संचालन संभव हो सका है।
मंच ने सभी सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि यह सेवा प्रकल्प भविष्य में भी निरंतर आमजन को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराकर समाजसेवा के अपने उद्देश्य को सार्थक करता रहेगा।
