सूरत : एनटीपीसी झनोर में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 का सफल समापन, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
15 दिवसीय अभियान में वॉकथॉन, नुक्कड़ नाटक, जागरूकता सत्र और प्रतियोगिताओं के माध्यम से बढ़ाई गई जनभागीदारी
एनटीपीसी झनोर में 16 मई से 31 मई 2026 तक आयोजित स्वच्छता पखवाड़ा का उत्साहपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक समापन हुआ। 15 दिवसीय इस अभियान का शुभारंभ परियोजना प्रमुख दिनेश कुमार सिंह रौतेला ने कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों को स्वच्छता शपथ दिलाकर किया था।
पखवाड़े के दौरान एनटीपीसी झनोर परिसर तथा आसपास के गांवों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए वॉकथॉन का आयोजन किया गया, वहीं “स्वच्छ, हरित और स्वस्थ भारत” तथा “प्लास्टिक के उपयोग का स्वास्थ्य पर प्रभाव” विषयों पर निबंध प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं।
अभियान के अंतर्गत “अपशिष्ट से संपदा : औद्योगिक एवं घरेलू कचरे का सतत एवं उपयोगी प्रबंधन” विषय पर जागरूकता सत्र आयोजित किए गए। इन सत्रों में अपशिष्ट प्रबंधन, संसाधनों के पुनः उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई।
स्वच्छता पखवाड़ा के दौरान कर्मचारियों एवं संविदा कर्मियों के लिए परियोजना परिसर में, GEM-2026 की बालिकाओं के लिए बाल भारती पब्लिक स्कूल (झनोर) में तथा ग्रामीणों के लिए अंगारेश्वर गांव में स्वच्छता आधारित नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया गया। इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता का संदेश प्रभावी ढंग से पहुंचाया गया।
बालिका सशक्तिकरण मिशन (GEM)-2026 की प्रतिभागी बालिकाओं ने भी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने प्रभात फेरी निकालकर स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाया तथा ड्राइंग और स्लोगन प्रतियोगिताओं के माध्यम से लोगों को स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
समापन समारोह में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और हरित भविष्य के संकल्प को दोहराया गया। इस अवसर पर स्वच्छता शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया तथा कर्मचारियों को पौधों का वितरण किया गया।
परियोजना प्रमुख दिनेश कुमार सिंह रौतेला ने वरिष्ठ अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाते हुए सभी से पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली बढ़ाने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। यह आयोजन स्वच्छता के प्रति सामूहिक जागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।
