आईपीएल 2026 अवॉर्ड्स: आरसीबी बनी चैंपियन, युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने पांच बड़े पुरस्कार जीतकर बिखेरा जलवा
अहमदाबाद, 01 जून (वेब वार्ता)। आईपीएल 2026 के फाइनल में गुजरात टाइटंस को शिकस्त देकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लगातार दूसरी बार खिताब अपने नाम कर इतिहास रच दिया है।
इस शानदार जीत के साथ आरसीबी को 20 करोड़ रुपये की प्राइज मनी से पुरस्कृत किया गया। फाइनल मुकाबले की समाप्ति के बाद आयोजित भव्य पुरस्कार वितरण समारोह में विजेता टीम के साथ-साथ व्यक्तिगत प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
इस पूरे सीजन में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी का दबदबा रहा। उन्होंने कुल पांच बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए, जिनमें ऑरेंज कैप, मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर, इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन, सुपर स्ट्राइकर और सुपर सिक्स ऑफ द सीजन शामिल हैं।
वैभव ने टूर्नामेंट में 776 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। इन पांचों अवॉर्ड्स के लिए उन्हें ट्रॉफी के साथ कुल 50 लाख रुपये की इनामी राशि भी दी गई।
व्यक्तिगत श्रेणियों में कगिसो रबाडा ने 29 विकेट लेकर ‘पर्पल कैप’ जीती, जबकि मोहम्मद सिराज को ‘ग्रीन डॉट बॉल’ अवॉर्ड मिला। मनीष पांडे ने ‘कैच ऑफ द सीजन’ और साई सुदर्शन ने ‘मोस्ट फोर्स’ अवॉर्ड हासिल किया। वहीं, खेल भावना के लिए पंजाब किंग्स को ‘फेयर प्ले अवॉर्ड’ से नवाजा गया।
आयोजन के दौरान मैदानों की बेहतरीन गुणवत्ता के लिए हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन और क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
