सूरत : प्रधानमंत्री मोदी के दौरे के बाद होगी नगर निगम की अगली जनरल मीटिंग, समिति गठन में होगी देरी
विभिन्न 12 समितियों के गठन का इंतजार बढ़ा, पद पाने की उम्मीद लगाए बैठे पार्षदों को करना होगा और इंतजार
सूरत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 5 जून को प्रस्तावित सूरत दौरे के मद्देनजर सूरत महानगरपालिका (एसएमसी) की अगली जनरल बोर्ड बैठक में देरी होने की संभावना है। इसके चलते मनपा की विभिन्न स्थायी समितियों और अन्य महत्वपूर्ण समितियों के गठन की प्रक्रिया भी फिलहाल टलती दिखाई दे रही है।
प्रधानमंत्री के स्वागत और कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन, नगर निगम और भाजपा संगठन पूरी तरह सक्रिय हैं। हाल ही में जिला कलेक्टर कार्यालय में केंद्रीय मंत्री सी.आर. पाटिल, राज्य के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी, जिला कलेक्टर, नगर आयुक्त, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सूत्रों के अनुसार, इस सप्ताह के अंत तक प्रस्तावित मनपा की दूसरी जनरल बैठक अब अगले सप्ताह के अंत या उसके बाद आयोजित की जा सकती है। इसके कारण नगर निगम की विभिन्न 12 समितियों के गठन और उनके पदाधिकारियों की नियुक्ति की प्रक्रिया भी प्रभावित होगी।
गौरतलब है कि 28 मई को आयोजित पहली जनरल बैठक में महापौर, स्थायी समिति अध्यक्ष तथा अन्य पदाधिकारियों का चुनाव संपन्न हुआ था, जिससे लंबे समय से चला आ रहा प्रशासकीय शासन समाप्त हुआ। इसके बाद उम्मीद थी कि दूसरी बैठक में पब्लिक वर्क्स कमेटी, स्लम इम्प्रूवमेंट कमेटी, ड्रेनेज कमेटी, टाउन प्लानिंग कमेटी सहित अन्य समितियों का गठन कर दिया जाएगा।
हालांकि प्रधानमंत्री के दौरे की व्यस्तताओं के चलते अब समिति गठन की प्रक्रिया में एक से दो सप्ताह की अतिरिक्त देरी होने की संभावना जताई जा रही है। इससे विभिन्न समितियों में अध्यक्ष और सदस्य पद पाने की उम्मीद लगाए बैठे पार्षदों को अभी और इंतजार करना पड़ सकता है।
जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 जून को दोपहर में सूरत पहुंचेंगे। वे सबसे पहले हजीरा स्थित एलएंडटी प्लांट का दौरा करेंगे और इसके बाद शहर के इंडोर स्टेडियम में आयोजित एक सार्वजनिक कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। इस दौरान विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास भी प्रस्तावित हैं।
प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज होने के कारण नगर निगम का पूरा तंत्र फिलहाल इसी कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में जुटा हुआ है। ऐसे में मनपा की अगली जनरल बैठक और समिति गठन की प्रक्रिया प्रधानमंत्री के दौरे के बाद ही आगे बढ़ने की संभावना है।
