सूरत : एसएमए की साप्ताहिक बैठक में लेट पेमेंट और धोखाधड़ी के मामलों पर चर्चा, सतर्कता के साथ उधार कारोबार करने की सलाह
सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन प्रमुख नरेन्द्र साबू ने व्यापारियों से सोच-समझकर व्यापारिक लेन-देन करने और अपनी पूंजी की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया
सूरत मर्केंटाइल एसोसिएशन (एसएमए) की 218वीं नियमित साप्ताहिक समस्या समाधान बैठक रविवार, 31 मई 2026 को माहेश्वरी भवन, सिटी लाइट, सूरत में आयोजित की गई। बैठक का आयोजन प्रातः 9:30 बजे से 10:30 बजे तक एसएमए प्रमुख नरेन्द्र साबू, पंच पैनल एवं कोर कमेटी के नेतृत्व में किया गया।
बैठक में 118 व्यापारियों ने सहभागिता दर्ज कराई। इस दौरान समस्या समाधान के लिए प्राप्त 12 आवेदन पत्रों पर सुनवाई की गई। इनमें से एक मामले का तत्काल आपसी बातचीत के माध्यम से समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों को आगे की कार्रवाई एवं समाधान प्रक्रिया के लिए पंच पैनल तथा लीगल टीम को सौंप दिया गया।
बैठक के प्रारंभ में वर्तमान व्यापारिक परिस्थितियों और उद्योग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई। एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि पिछले दो महीनों से संगठन को प्रतिदिन 10 से 15 आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जिनमें अधिकांश मामले लेट पेमेंट और धोखाधड़ी से संबंधित हैं। इसे व्यापारिक जगत के लिए गंभीर चिंता का विषय बताया गया।
बैठक में व्यापारियों को सलाह दी गई कि वे अपने वित्तीय दायित्वों का समय पर निर्वहन करें। चाहे भुगतान वीवर, प्रोसेस हाउस, पैकिंग मटेरियल सप्लायर, डिजिटल प्रिंटिंग इकाइयों, बैंक ऋण अथवा अन्य किसी देनदारी से संबंधित हो, उसे समय पर चुकाना आवश्यक है। इसके विपरीत बिना पर्याप्त जानकारी के बाहरी मंडियों में उधार व्यापार करना जोखिमपूर्ण बताया गया। एसोसिएशन ने व्यापारियों से सोच-समझकर व्यापारिक लेन-देन करने और अपनी पूंजी की सुरक्षा को प्राथमिकता देने का आग्रह किया।
व्यापार की वर्तमान स्थिति पर चर्चा के दौरान यह आशंका व्यक्त की गई कि यदि बाजार में जल्द सुधार नहीं हुआ तो कम पूंजी वाले लगभग 5 से 10 प्रतिशत छोटे व्यापारी व्यवसाय से बाहर हो सकते हैं। वैश्विक स्तर पर युद्धजनित परिस्थितियों के कारण आर्थिक माहौल प्रभावित हो रहा है, जिसका प्रतिकूल असर टेक्सटाइल उद्योग पर भी पड़ने की संभावना जताई गई।
एसोसिएशन ने व्यापारियों को सलाह दी कि वर्तमान परिस्थितियों में लाभ कमाने से अधिक महत्वपूर्ण अपनी पूंजी को सुरक्षित रखना है। इसके लिए ग्रेडिंग सिस्टम के आधार पर व्यापार करने की अनुशंसा की गई। व्यापारियों को केवल ए और बी ग्रेड की पार्टियों के साथ कारोबार करने तथा सी और डी ग्रेड की पार्टियों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई।
बैठक में स्पष्ट किया गया कि यह ग्रेडिंग किसी एजेंसी द्वारा नहीं, बल्कि व्यापारियों के भुगतान व्यवहार, विश्वसनीयता और व्यावसायिक आचरण के आधार पर निर्धारित होती है। एसएमए ने यह भी घोषणा की कि जिन पार्टियों का भुगतान छह माह से अधिक समय से लंबित है, उनके विरुद्ध आवेदन मिलने पर संगठन आवश्यक प्रक्रिया अपनाते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट करने की कार्रवाई करेगा।
बैठक का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण में स्वादिष्ट अल्पाहार के साथ हुआ। इस अवसर पर एसएमए परिवार के सुरेन्द्र अग्रवाल, राजीव उमर, महेश पाटोदिया, राजकुमार चिरानिया, दुर्गेश टिबड़ेवाल, घनश्याम माहेश्वरी, रामकिशोर बजाज, संजय अग्रवाल, अनिल भाऊवाला, केवल भाई असीजा सहित शहर के गणमान्य सदस्य रामअवतार साबू, रितु राठी, गजानंद राठी, हरिशंकर तोषनीवाल, हेमंत काबरा, घनश्याम चांडक, सुरेश मालपानी, सुरेश तोदी, राजेश माहेश्वरी, कन्हैयालाल चांडक एवं पंकज माहेश्वरी सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
