सूरत नगर निगम और बैंक ऑफ बड़ौदा के बीच ऐतिहासिक MoU, कर्मचारियों को मिलेगा 2 करोड़ तक का फ्री इंश्योरेंस कवर
लाइफटाइम फ्री बैंकिंग सुविधाएं, आसान लोन और परिवार के लिए विशेष लाभ देने वाली स्कीम का ऐलान
सूरत : सूरत म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (एसएमसी) के कर्मचारियों के हित में प्रशासन द्वारा एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए देश के प्रमुख सरकारी बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा (बीओबी) के साथ मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग (एमओयू) साइन किया गया है।
इस समझौते का उद्देश्य कर्मचारियों को आधुनिक बैंकिंग सुविधाएं, वित्तीय सुरक्षा और विशेष लाभ उपलब्ध कराना है।
यह समझौता म्युनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन (आईएएस) और बैंक ऑफ बड़ौदा के डिप्टी जनरल मैनेजर मुकेश नवल की उपस्थिति में हस्ताक्षरित किया गया। यह एमओयू आगामी 31 मई 2029 तक प्रभावी रहेगा, जिससे हजारों कर्मचारियों और उनके परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
नई व्यवस्था के तहत कर्मचारियों की मासिक सैलरी बैंकिंग समय शुरू होते ही उनके खातों में जमा कर दी जाएगी। साथ ही कर्मचारियों से जुड़े अन्य प्रशासनिक और वित्तीय भुगतान 24 घंटे से कम समय में पूरे किए जाएंगे, जिससे कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और गति आएगी।
2 करोड़ रुपये तक का फ्री इंश्योरेंस कवर
समझौते के तहत कर्मचारियों और उनके परिवारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष इंश्योरेंस कवर की व्यवस्था की गई है।
ड्यूटी के दौरान या अन्य किसी दुर्घटना में मृत्यु होने पर ₹1 करोड़ का पर्सनल एक्सीडेंट इंश्योरेंस और ₹1 करोड़ का एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस कवर मिलेगा।
सामान्य परिस्थितियों या बीमारी से मृत्यु होने पर ₹10 लाख का लाइफ इंश्योरेंस कवर दिया जाएगा।
दुर्घटना में कर्मचारी की मृत्यु होने पर बेटी के विवाह के लिए ₹10 लाख तथा बच्चों की उच्च शिक्षा के लिए ₹10 लाख की अतिरिक्त सहायता मिलेगी।
स्थायी विकलांगता की स्थिति में ₹1 करोड़ तथा आंशिक विकलांगता पर ₹75 लाख तक का इंश्योरेंस कवर प्रदान किया जाएगा।
लाइफटाइम फ्री बैंकिंग सुविधाएं
बैंक ऑफ बड़ौदा द्वारा कर्मचारियों को जीरो बैलेंस सैलरी अकाउंट की सुविधा दी जाएगी। इसके साथ ही कई बैंकिंग सेवाएं पूरी तरह निशुल्क उपलब्ध होंगी।
लाइफटाइम फ्री डेबिट और क्रेडिट कार्ड
ATM से अनलिमिटेड कैश विड्रॉल
फ्री चेकबुक और डिमांड ड्राफ्ट सुविधा
RTGS, NEFT, UPI और IMPS सहित सभी डिजिटल ट्रांजैक्शन निशुल्क
SMS और ईमेल अलर्ट सेवा
लॉकर सुविधा के वार्षिक किराए में 20% से 50% तक की छूट
होम, ऑटो और एजुकेशन लोन पर विशेष रियायत
कर्मचारियों को घर, वाहन और शिक्षा से जुड़े सपनों को साकार करने के लिए विशेष लोन सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।
होम, ऑटो और एजुकेशन लोन के प्रोसेसिंग चार्ज में 50% से 100% तक की छूट
“बड़ौदा एडवांटेज होम लोन” योजना का लाभ
वेतन के आधार पर ₹50 हजार से ₹3 लाख तक ओवरड्राफ्ट सुविधा
रिटायर्ड कर्मचारियों के लिए आसान शर्तों पर पेंशनर और टू-व्हीलर लोन
परिवार के सदस्यों को भी मिलेगा लाभ
बैंक ने कर्मचारियों के परिवारों के लिए भी विशेष सुविधाओं की घोषणा की है।
जीवनसाथी के लिए जीरो बैलेंस अकाउंट और लाइफटाइम फ्री डेबिट कार्ड
परिवार के अन्य सदस्यों के लिए अधिकतम चार जीरो बैलेंस अकाउंट
फ्री RuPay क्लासिक डेबिट कार्ड सुविधा
डीमैट अकाउंट के पहले वर्ष का AMC पूरी तरह फ्री तथा बाद में विशेष छूट
प्रीपेड और गिफ्ट कार्ड पर 50% से 100% तक डिस्काउंट
SMC प्रशासन और बैंक ऑफ बड़ौदा प्रबंधन ने इस समझौते को कर्मचारियों के हित में उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उनका कहना है कि इससे कर्मचारियों को आर्थिक सुरक्षा के साथ आधुनिक बैंकिंग सेवाओं का बेहतर अनुभव मिलेगा।
