सूरत : एसजीसीसीआई-सीआईटीआई के संयुक्त तत्वावधान में टेक्सटाइल अवार्ड्स का आयोजन
सूरत के 54 टेक्सटाइल उद्योगपतियों को विभिन्न श्रेणियों में किया जाएगा सम्मानित
सूरत : देश के प्रमुख टेक्सटाइल हब के रूप में उभर रहे सूरत में टेक्सटाइल उद्योग को नई दिशा देने और उत्कृष्ट कार्य करने वाले उद्योगपतियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (एसजीसीसीआई) और कन्फेडरेशन ऑफ इंडियन टेक्सटाइल इंडस्ट्री (सीआईटीआई) के संयुक्त तत्वावधान में “टेक्सटाइल अवार्ड्स” का आयोजन किया गया है।
सूरत शहर देश के टेक्सटाइल सेक्टर में तेजी से उभरता हुआ केंद्र माना जाता है। यहां टेक्सटाइल इंडस्ट्री की पूरी सप्लाई चेन उपलब्ध होने के कारण यह शहर की अर्थव्यवस्था में सबसे बड़ा योगदान देने के साथ-साथ रोजगार के क्षेत्र में भी सबसे अधिक अवसर प्रदान करता है।
चैंबर का उद्देश्य टेक्सटाइल उद्योगपतियों को गुणवत्ता प्रबंधन, नवाचार और निर्यात जैसे क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना है। इसी उद्देश्य के तहत कुल नौ श्रेणियों में टेक्सटाइल उद्योगपतियों को सम्मानित किया जाएगा।
इन श्रेणियों में प्रोडक्ट इनोवेशन, एक्सपोर्ट में उत्कृष्ट प्रदर्शन, क्वालिटी मैनेजमेंट, एचआर प्रैक्टिस, रिसाइक्लिंग, लोकल टेक्सटाइल मशीन मैन्युफैक्चरिंग में श्रेष्ठ प्रदर्शन, सूरत की उभरती टेक्सटाइल यूनिट तथा पॉलिएस्टर, विस्कोस और टेक्सटाइल पार्क क्षेत्र में लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड शामिल हैं।
समारोह में कुल 54 उद्योगपतियों को सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 28 मई 2026 को प्लैटिनम हॉल, सरसाना में आयोजित होगा, जिसमें नीरज कुमार आर्य मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
चैंबर के अनुसार, इन अवार्ड्स के माध्यम से टेक्सटाइल सेक्टर में उत्कृष्ट कार्य कर रहे उद्योगपतियों को सम्मानित कर उद्योग जगत को नई दिशा और प्रेरणा देने का प्रयास किया जा रहा है।
