सूरत :  अंबिका निकेतन मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई श्री शिव कथा

सात दिवसीय कथा में उमड़ा शिवभक्तों का जनसैलाब, ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयकारों से गूंजा परिसर

सूरत :  अंबिका निकेतन मंदिर में श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुई श्री शिव कथा

सूरत के पार्ले पॉइंट स्थित अंबिका निकेतन मंदिर में ‘शिवभक्तों का संग, अंबिका निकेतन मंदिर के संग’ के पावन संकल्प के साथ आयोजित सात दिवसीय ‘श्री शिव कथा’ श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के वातावरण में संपन्न हो गई। 17 से 23 मई तक आयोजित इस कथा में प्रतिदिन भक्तों पर भक्ति और ज्ञान की अमृत वर्षा होती रही।

कथा वाचक रोहितभाई शास्त्री ने भगवान शिव के विभिन्न स्वरूपों, शिव विवाह प्रसंग तथा शिवभक्ति के महत्व का संगीतमय और भावपूर्ण वर्णन किया। उनके मधुर भजनों और प्रेरणादायक प्रसंगों को सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के दौरान पूरा पांडाल ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से गूंजता रहा।

इस धार्मिक आयोजन की मुख्य आयोजक चंद्रिकाबेन भारतसिंह मकवाना रहीं। उनके मार्गदर्शन में कथा में आने वाले सैकड़ों श्रद्धालुओं के लिए बैठने, पेयजल और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारू रूप से की गईं। सात दिनों तक चले इस भक्तिमय आयोजन में सूरत शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने सहभागिता की। कथा के अंतिम दिन महाआरती एवं प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम की पूर्णाहुति हुई।

Tags: Surat