रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में संपन्न हुआ एथलेटिक्स का महाकुंभ
कई एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स के लिए किया क्वालीफाई
रांची, 26 मई (वेब वार्ता)। राजधानी रांची के बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फेडरेशन चैंपियनशिप सोमवार को रोमांचक समापन के साथ संपन्न हुई।
चार दिनों तक चले इस राष्ट्रीय खेल आयोजन में देशभर के शीर्ष एथलीटों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने न केवल अपने कौशल का प्रदर्शन किया, बल्कि 10 से अधिक नए राष्ट्रीय रिकॉर्ड भी बनाए, जिससे भारतीय एथलेटिक्स का भविष्य और अधिक उज्ज्वल नजर आ रहा है।
इस आयोजन का मुख्य आकर्षण पुरुष शॉटपुट मुकाबला रहा, जहां समरदीप सिंह गिल ने 20.46 मीटर का थ्रो कर स्वर्ण पदक जीता और ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के लिए क्वालीफाई किया।
साथ ही, 400 मीटर बाधा दौड़ में यशस पी और ट्रिपल जंप में प्रवीण चित्रावेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स का टिकट हासिल किया। महिलाओं की स्पर्धाओं में विथ्या रामराज और ख्याति माथुर जैसे खिलाड़ियों ने अपने शानदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया।
भारतीय एथलेटिक्स फेडरेशन ने इस सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रांची के आधुनिक स्टेडियम में मिली सुविधाओं का सीधा लाभ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर दिखा है।
इस चैंपियनशिप ने भारतीय एथलेटिक्स को कई नए सितारे दिए हैं, जो आगामी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। अब सभी की निगाहें कॉमनवेल्थ और एशियन गेम्स पर टिकी हैं, जहां भारत इन एथलीटों से पदकों की बड़ी उम्मीद लगाए बैठा है।
