सूरत नगर निगम की पहली जनरल मीटिंग 28 मई को

बकरी ईद की छुट्टी के बावजूद नए मेयर, डिप्टी मेयर और स्टैंडिंग कमेटी का होगा गठन

सूरत नगर निगम की पहली जनरल मीटिंग 28 मई को

सूरत। सूरत नगर निगम के चुनाव 2026 के नतीजों में भारतीय जनता पार्टी को रिकॉर्ड 115 सीटों पर जीत मिलने के बाद अब नगर निगम के नए बोर्ड के गठन की प्रक्रिया तेज हो गई है। निगम की पहली जनरल मीटिंग 28 मई 2026 को सुबह 11 बजे सरदार वल्लभभाई पटेल ऑडिटोरियम में आयोजित की जाएगी।

इस महत्वपूर्ण बैठक में सूरत शहर के नए मेयर, डिप्टी मेयर, स्टैंडिंग कमेटी के चेयरमैन तथा समिति के सदस्यों की औपचारिक घोषणा की जाएगी। राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से यह बैठक काफी अहम मानी जा रही है।

गौरतलब है कि केंद्र सरकार द्वारा 28 मई को बकरी ईद के अवसर पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया गया है। इसके बावजूद नगर निगम प्रशासन की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार जनरल मीटिंग आयोजित की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, बैठक में नगर आयुक्त एम. नागराजन, सभी डिप्टी कमिश्नर और सचिवालय विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहेंगे। नगर निगम के नए पदाधिकारियों के चयन को लेकर राजनीतिक हलकों में भी काफी उत्सुकता बनी हुई है।

Tags: Surat