राजकोट : वजुभाई वाला ने किया जनगणना-2027 के लिए ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन, लोगों से भागीदारी की अपील
पूर्व राज्यपाल बोले- सेल्फ-एन्यूमरेशन पोर्टल पर जानकारी दर्ज करना बेहद आसान और तेज़ प्रक्रिया
जनगणना-2027 के तहत राज्यभर में ऑनलाइन सेल्फ-एन्यूमरेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जिसके माध्यम से नागरिक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। वजुभाई वाला ने ऑनलाइन पोर्टल पर स्वयं अपनी गणना प्रक्रिया पूरी करते हुए इसे सरल, तेज़ और सुविधाजनक बताया।
राजकोट निवासी एवं कर्नाटक पूर्व राज्यपाल वजुभाई वाला ने कहा कि वेब पोर्टल के माध्यम से सेल्फ-एन्यूमरेशन की प्रक्रिया बेहद आसान है और नागरिक कुछ ही समय में अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। उन्होंने राजकोट जिले के नागरिकों से अपील की कि वे इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाएं और समय निकालकर स्वयं अपनी गणना प्रक्रिया पूरी करें।
उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से जनगणना प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सटीक और तेज़ बनाया जा सकता है। साथ ही इससे नागरिकों को घर बैठे सुविधा भी उपलब्ध होती है।
गौरतलब है कि भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा राष्ट्रीय जनगणना के प्रथम चरण के अंतर्गत घरों के पंजीकरण और मकानों की गणना की ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू की गई है। इसके लिए नागरिक (sc.census.gov.in) पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
