सूरत : 22 मई से बिज़नेस और इनोवेशन का महाकुंभ, SGCCI आयोजित करेगा चार मेगा इवेंट्स

सरसाना में तीन मेगा एक्सपो और स्टार्टअप समिट एक साथ होंगे आयोजित, 25 हजार से अधिक विज़िटर्स के पहुंचने की उम्मीद

सूरत : 22 मई से बिज़नेस और इनोवेशन का महाकुंभ, SGCCI आयोजित करेगा चार मेगा इवेंट्स

सूरत।  ‘द सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री’  (SGCCI) 22 से 24 मई 2026 के दौरान सूरत के सरसाना स्थित  सूरत इंटरनेशनल एग्ज़िबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर  (SIECC) में एक साथ चार बड़े मेगा इवेंट्स आयोजित करने जा रहा है। इनमें तीन बड़े एक्सपो और “सूरत स्टार्टअप समिट 2026” का तीसरा संस्करण शामिल है।

चैंबर अध्यक्ष निखिल मद्रासी ने बताया कि इन आयोजनों के साथ उसके 85 वर्षों के इतिहास में एक ही वर्ष में 22 प्रदर्शनियां आयोजित करने का रिकॉर्ड भी बनेगा। इन चारों इवेंट्स का आयोजन टोरिन वेल्थ मैनेजमेंट के मुख्य सहयोग से किया जा रहा है।

चारों इवेंट्स का संयुक्त उद्घाटन 22 मई को सुबह 10 बजे होगा। उद्घाटन समारोह में केंद्रीय वाणिज्य राज्य मंत्री डॉ. जितिन प्रसाद मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।

इस अवसर पर सूरत म्युनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन, केमेक्सिल के चेयरमैन डॉ. सतीश वामन वाघ, i-Hub Gujarat के सीईओ हिरण्मय महंत सहित कई उद्योगपति और कॉर्पोरेट लीडर्स मौजूद रहेंगे।

केमिकल एंड फार्मा एक्सपो 2026 बनेगा इंडस्ट्री का बड़ा B2B प्लेटफॉर्म

22 से 24 मई तक चलने वाला “केमिकल एंड फार्मा एक्सपो 2026” केमिकल और फार्मास्युटिकल इंडस्ट्री के लिए बड़ा B2B प्लेटफॉर्म साबित होगा। इस एक्सपो को केमेक्सिल और गुजरात सरकार समर्थित इंडेक्सटीबी का सहयोग प्राप्त है।

एक्सपो में फार्मास्युटिकल कंपनियां, API और बल्क ड्रग निर्माता, स्पेशियलिटी केमिकल्स कंपनियां, लैब इक्विपमेंट, पैकेजिंग और प्रोसेस मशीनरी से जुड़ी कंपनियां अपनी नई तकनीक और उत्पाद पेश करेंगी। देश-विदेश से मैन्युफैक्चरर्स, रिसर्चर्स, इंपोर्टर्स-एक्सपोर्टर्स और निवेशकों के बड़ी संख्या में शामिल होने की उम्मीद है।

स्मार्ट एजुकेशन एक्सपो में छात्रों को मिलेगा करियर गाइडेंस

“स्मार्ट एजुकेशन एक्सपो 2026” छात्रों और अभिभावकों के लिए करियर प्लानिंग का बड़ा प्लेटफॉर्म बनेगा। इसमें भारत और विदेश की यूनिवर्सिटी, स्कूल और कॉलेज भाग लेंगे।

यह एक्सपो 10वीं-12वीं के छात्रों, ग्रेजुएट्स, डिप्लोमा धारकों और उच्च शिक्षा की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए विशेष रूप से उपयोगी रहेगा। आयोजन में छात्रों को सीधे संस्थानों से बातचीत और करियर विकल्पों की जानकारी मिलेगी।

स्टार्टअप समिट में निवेशकों के सामने अपने आइडिया पेश करेंगे युवा उद्यमी
200 से अधिक निवेशक और 50 से ज्यादा VC/Angel Investors के शामिल होने की संभावना

“सूरत स्टार्टअप समिट 2026” का तीसरा संस्करण टेक, हेल्थटेक, फिनटेक, एग्रीटेक और सस्टेनेबिलिटी सेक्टर के स्टार्टअप्स के लिए बड़ा मंच बनेगा।

समिट में लाइव स्टार्टअप पिचिंग, स्पीड इन्वेस्टर डेटिंग, B2B नेटवर्किंग और ब्रांड प्रमोशन जैसे विशेष आयोजन होंगे। आयोजकों के अनुसार, 25 हजार से अधिक विज़िटर्स, 200 से ज्यादा निवेशक और 50 से अधिक वेंचर कैपिटलिस्ट तथा एंजेल इन्वेस्टर्स के शामिल होने की संभावना है।

इस समिट को AIC Surti iLab Foundation और TiE Surat का सहयोग भी प्राप्त है।

एसबीसी बिज़नेस एक्सपो में मिलेगा नेटवर्किंग और बिज़नेस ग्रोथ का मौका

“एसजीसीसीआई बिज़नेस कनेक्ट (एसबीसी) बिज़नेस एक्सपो 2026” में एफएमसीजी, आईटी, फाइनेंस, ऑटोमोबाइल, गारमेंट्स, हेल्थ और डिजिटल टेक्नोलॉजी सहित विभिन्न सेक्टर की कंपनियां भाग लेंगी।

एक्सपो का मुख्य उद्देश्य बिज़नेस नेटवर्किंग, स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप, फंडिंग और नए व्यावसायिक अवसरों को बढ़ावा देना है। आयोजन में लाइव प्रोडक्ट लॉन्च, B2B-B2C मीटिंग्स और इनोवेशन पैवेलियन भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे।

“सूरत और गुजरात के विकास में गेम चेंजर साबित होंगे आयोजन”

चैंबर प्रेसिडेंट निखिल मद्रासी और वाइस प्रेसिडेंट एवं प्रेसिडेंट-इलेक्ट अशोक जीरावाला ने कहा कि ये चारों मेगा इवेंट्स सूरत और गुजरात के औद्योगिक, शैक्षणिक और उद्यमशील विकास को नई दिशा देंगे। उन्होंने उद्योगपतियों, स्टार्टअप्स, छात्रों, अभिभावकों और नागरिकों से इन आयोजनों में बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की।

Tags: Surat SGCCI