वडोदरा  : सजगता से संभावित रेल‌ दुर्घटना टालने के लिए वडोदरा मंडल में कार्यरत 3 कर्मचारी महाप्रबंधक द्वारा संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित

यह पुरस्कार मार्च 2026  के दौरान ड्यूटी पर रहते हुए सतर्कता दिखाने और संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते टालने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रदान किए गए

वडोदरा  : सजगता से संभावित रेल‌ दुर्घटना टालने के लिए वडोदरा मंडल में कार्यरत 3 कर्मचारी महाप्रबंधक द्वारा संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित

रेलवे के संचालन में संरक्षा सर्वोपरि होती है और यह सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक कर्मचारी की सजगता एवं सतर्कता अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने वडोदरा मंडल के रेल कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए संरक्षा पुरस्कार से सम्मानित किया। ये पुरस्कार मार्च 2026  के दौरान ड्यूटी पर रहते हुए सतर्कता दिखाने और संभावित दुर्घटनाओं को समय रहते टालने में अहम भूमिका निभाने के लिए प्रदान किए गए।

पश्चिम रेलवे के जनसम्पर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना  द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार पुरस्कार प्राप्त करने वाले कर्मचारी निम्न हैं। जिनमें  संजय कुमार – पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के खरसालिया में पॉइंट्समैन, के पद पर कार्यरत हैं। दिनांक 23.03.2026  को खरसालिया यार्ड में एक गुड्स ट्रेन वैगनों के साथ खरसालिया स्टेशन से गुजर रही थी। “ऑल राइट” सिग्नल का आदान-प्रदान करते समय ऑफ-साइड पॉइंट्समैन संजय कुमार ने देखा कि MKPP ट्रेन के इंजन से दूसरे वैगन का ऑक्सिलरी रिजर्वायर असामान्य रूप से हिल रहा था। ट्रेन के संभावित खतरे को भांपते हुए उन्होंने तत्काल स्टेशन मास्टर खरसालिया को सूचित किया, जिन्होंने तत्पश्चात स्टेशन मास्टर गोधरा को "स्टॉप एंड एग्जामिन" का सिग्नल प्रदान किया।  गोधरा पर कैरेज एंड वैगन स्टाफ द्वारा जांच करने पर पाया कि संबंधित वैगन के ऑक्सिलरी रिजर्वायर की सभी फिटिंग्स टूट चुकी थी तथा वह अत्यंत असुरक्षित स्थिति में था, जो किसी भी समय गिर सकता था या लटक सकता था तत्परता से दोषपूर्ण भाग को हटाकर एक गंभीर दुर्घटना की संभावना को टाला गया। उनकी सतर्कता एवं समय पर दी गई सूचना के कारण एक संभावित बड़े खतरे को टाला गया तथा रेल संचालन की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

 सुरेश फ़रशवाल– पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल के वडोदरा लॉबी पर सहायक लोको पायलट , के पद पर कार्यरत हैं । दिनांक 03.03.2026 को एमएमबीडी (साबरमती गार्ड) में गार्ड ड्राइवर रिपोर्ट (GDR) जांच के दौरान वैगन में आगे एवं पीछे की ट्रॉली के पीयू पैड के बीच गैप पाया गया। एएलपी ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तत्काल एलपी/सीटीओ/सीटीएलसी-एडीआई को सूचित किया। इसके पश्चात कैरेज एंड वैगन विभाग द्वारा संबंधित वैगन की जांच की गई, जिसमें पाया गया कि वैगन आगे की यात्रा के लिए अनुपयुक्त है। तत्परता से उक्त वैगन को साबरमती यार्ड में अलग कर दिया गया जिससे संभावित दुर्घटना की संभावना को टाल दिया गया। एएलपी की त्वरित एवं सजग कार्रवाई के परिणामस्वरुप लाइन पर एक संभावित अप्रिय घटना को रोका जा सका जिससे रेल संरचना की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

असिब हुसेन ए. मलेक– पश्चिम रेलवे के वडोदरा मंडल में वरिष्ठ टेक्नीशियन , के पद पर कार्यरत हैं । दिनांक 26.02.2026 को असिब हुसेन ए. मलेक ने वैगन VVNH-1 के प्राथमिक रखरखाव के दौरान  असाधारण सतर्कता एवं सजकता का परिचय दिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पाया कि दूध टैंक के ऊपरी भाग के सोलबार फ्रेम से पहिए के फ्लैंज का गंभीर रूप से रगड़ हो रहा था, जो अत्यंत खतरनाक स्थिति थी। स्थिति की गंभीरता को समझते हुए उन्होंने संबंधित वैगन को तत्काल मरम्मत हेतु सिक: चिन्हित किया।  उनकी त्वरित एवं सूझबूझपूर्ण कार्रवाई के परिणामस्वरुप एक संभावित पटरी से उतरने की घटना को टाल दिया गया तथा रेल संरचना की सुरक्षा सुनिश्चित हुई।

उनकी सतर्कता, सजगता एवं त्वरित निर्णय क्षमता के फलस्वरूप संभावित गंभीर दुर्घटना टल गई तथा रोलिंग स्टॉक, कर्मचारियों, यात्रियों एवं रेलवे संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित हुई। यह घटना रेलवे कार्य के प्रति उनकी कर्तव्यनिष्ठा सुरक्षा, सतर्कता एवं कर्तव्य परायणता को दर्शाती है।

Tags: Vadodara