सूरत : स्व. विक्रम सिंह शेखावत के सपनों को साकार करने में जुटा राजस्थान युवा संघ

 पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा और पूर्व विधायक अभिनव महर्षि का हुआ आत्मीय स्वागत, सामाजिक सेवा कार्यों की सराहना

सूरत : स्व. विक्रम सिंह शेखावत के सपनों को साकार करने में जुटा राजस्थान युवा संघ

रतनगढ़ के पूर्व विधायक एवं पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा तथा पूर्व विधायक अभिनव महर्षि का शुक्रवार को राजस्थान युवा संघ कार्यालय में आत्मीय स्वागत किया गया। राजस्थान युवा संघ द्वारा “अतिथि देवो भव:” की परंपरा के तहत आयोजित स्वागत समारोह में समाजबंधुओं, युवा साथियों एवं कार्यकर्ताओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर अतिथियों का अभिनंदन किया। कार्यक्रम के दौरान सामाजिक एकता, सेवा और संगठन की मजबूती को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर पूर्व विधायक अभिनव महर्षि ने राजस्थान युवा संघ की कार्यकारिणी की सराहना करते हुए कहा कि संगठन स्वर्गीय विक्रम सिंह शेखावत के विचारों और सपनों को आगे बढ़ाने के लिए समर्पण एवं सक्रियता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति समाज को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

वहीं पूर्व मंत्री राजकुमार रिणवा ने कहा कि राजस्थान युवा संघ के सदस्य प्रदेश से दूर रहकर भी अपनी जन्मभूमि की संस्कृति, परंपरा और अपनत्व की भावना को जीवित रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि संगठन का यह प्रयास मातृभूमि की यादों को ताजा कर देता है और समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य करता है।

कार्यक्रम में जगदीश शर्मा ने राजस्थान युवा संघ द्वारा निरंतर किए जा रहे मानव सेवा एवं गौ सेवा के कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने संगठन की विभिन्न सामाजिक गतिविधियों एवं सेवा अभियानों से अतिथियों को अवगत कराया।

संघ के प्रतिनिधि रामावतार पारीक ने बताया कि राजस्थान युवा संघ सामाजिक एकता, सेवा और संगठन को मजबूत करने के साथ-साथ स्व. विक्रम सिंह शेखावत के सपनों को साकार करने हेतु निरंतर सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर सज्जन महर्षि, ओमप्रकाश शेखावाटी, संजय जैन, राजेंद्र चौधरी, विनोद सारस्वत, महेंद्र पटेल, कपिल सोनी, हरिओम स्वामी, विनोद प्रजापति, रोहित मेवाड़ा, मुकेश प्रजापति, श्याम माली, गंगाधर डूड़ी, प्रमोद शर्मा, राधेश्याम शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Tags: Surat