एक्टर को खाने से मना किया तो निर्माता पर भड़क उठे अक्षय खन्ना

एक्टर को खाने से मना किया तो निर्माता पर भड़क उठे अक्षय खन्ना

नई दिल्ली, 14 मई (वेब वार्ता)। बॉलीवुड के सबसे गंभीर और खामोश मिजाज अभिनेताओं में शुमार अक्षय खन्ना इन दिनों अपनी ब्लॉकबस्टर फिल्म धुरंधर की सफलता का आनंद ले रहे हैं।

दिग्गज अभिनेता अमित बहल ने एक साक्षात्कार में अक्षय खन्ना से जुड़ा एक बेहद भावुक और प्रेरक किस्सा साझा किया। बहल के मुताबिक, एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उनके साथ काम कर रहे एक चरित्र अभिनेता लंच के लिए उस होटल में आए थे जहाँ अक्षय रुके हुए थे।

वह कलाकार किसी अन्य होटल में ठहरे थे। जैसे ही उन्होंने भोजन का पहला निवाला उठाना चाहा, प्रोडक्शन टीम के एक सदस्य ने उन्हें यह कहते हुए रोक दिया कि जो कलाकार इस होटल में नहीं रुका है, वह यहाँ का खाना नहीं खा सकता।

बताया जाता है कि यह आपत्ति निर्माता की पत्नी या किसी करीबी रिश्तेदार की ओर से आई थी। अपमानित महसूस कर रहे उस कलाकार ने चुपचाप अपनी प्लेट रख दी और किनारे जाकर बैठ गए।

अक्षय खन्ना दूर खड़े यह सब देख रहे थे। आमतौर पर सेट पर अपने काम से काम रखने वाले और बेहद शांत रहने वाले अक्षय का गुस्सा उस दिन ज्वालामुखी की तरह फूट पड़ा। वे तुरंत बीच-बचाव में आए और पूरी यूनिट के सामने भूख और इंसानियत पर एक ऐसी बात कही जिसे सुनकर सबकी बोलती बंद हो गई।

अमित बहल ने बताया कि अक्षय उस दिन भारी गुस्से में थे। उन्होंने निर्माता और क्रू मेंबर्स को आड़े हाथों लेते हुए खरी-खोटी सुनाई। अक्षय ने गरजते हुए कहा कि कोई भी फिल्म इस बात से सफल नहीं होती कि आपने कितनी प्लेटें बचाईं या राशन का कितना हिसाब रखा, बल्कि फिल्म लोगों के आशीर्वाद और दुआओं से बनती है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि भूख का अपमान करने वाले लोग कभी सफल नहीं हो सकते। अक्षय का यह निर्भीक और मानवीय पक्ष देखकर सेट पर मौजूद हर शख्स हैरान था।

यह वाकया साबित करता है कि पर्दे पर नकारात्मक भूमिकाएं निभाने वाला यह कलाकार असल जिंदगी में सिद्धांतों और नैतिकता से कभी समझौता नहीं करता। बता दें कि फिल्म धुरंधर में रहमान डकैत के खूंखार विलेन के रूप में अक्षय खन्ना की अदाकारी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है।

लेकिन अभिनय की बारीकियों के अलावा अक्षय अपनी उस इंसानियत के लिए भी जाने जाते हैं, जिसकी झलक ग्लैमर की दुनिया में कम ही देखने को मिलती है।

हाल ही में उनके एक पुराने सहयोगी ने अक्षय खन्ना के उस रूप का खुलासा किया है, जब उन्होंने एक साथी कलाकार के सम्मान के लिए पूरी प्रोडक्शन टीम और निर्माता की क्लास लगा दी थी।