विराट कोहली का ऐतिहासिक धमाका: केकेआर के खिलाफ जड़ा शानदार शतक

 गेल, धोनी और रोहित के रिकॉर्ड तोड़ रच दिया नया कीर्तिमान

विराट कोहली का ऐतिहासिक धमाका: केकेआर के खिलाफ जड़ा शानदार शतक

रायपुर, 14 मई (वेब वार्ता)। आईपीएल 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला जमकर गरजा है। बुधवार को रायपुर में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के खिलाफ खेलते हुए कोहली ने महज 60 गेंदों में 105 रनों की नाबाद शतकीय पारी खेली।

इस पारी के दौरान उन्होंने 11 चौके और 3 गगनचुंबी छक्के जड़े, जिसकी बदौलत आरसीबी ने 193 रनों के विशाल लक्ष्य को 5 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया।

इस धमाकेदार जीत के साथ आरसीबी 16 अंकों के साथ अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है और कोहली की इस पारी ने प्रशंसकों को मंत्रमुग्ध कर दिया है।

इस मैच के दौरान विराट कोहली ने रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। वह टी20 क्रिकेट में सबसे तेज 14,000 रन पूरे करने वाले बल्लेबाज बन गए हैं, उन्होंने महज 409 पारियों में यह मुकाम हासिल कर क्रिस गेल (423 पारी) को पीछे छोड़ दिया।

यही नहीं, यह कोहली का 279वां आईपीएल मैच था, जिसके साथ ही वह टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने एमएस धोनी और रोहित शर्मा (दोनों 278 मैच) के रिकॉर्ड को पार कर लिया है। धोनी इस सीजन चोट के कारण फिलहाल मैदान से बाहर हैं, जिसका फायदा कोहली को मिला।

कोहली ने इस मैच में अपना 9वां आईपीएल और ओवरऑल 10वां टी20 शतक पूरा किया, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज के लिए एक रिकॉर्ड है। लक्ष्य का पीछा करते हुए यह उनका तीसरा आईपीएल शतक था, जिससे उन्होंने जोस बटलर की बराबरी कर ली है।

इसके अलावा, वह अब आईपीएल की चार अलग- अलग टीमों के खिलाफ 1100 से अधिक रन बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं।

मैच के बाद उन्हें 21वीं बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया, जिससे उन्होंने रोहित शर्मा के सबसे ज्यादा अवॉर्ड जीतने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली है।