राहुल द्रविड़ ने खरीदी क्रिकेट टीम, दिग्गज स्पिनर अश्विन संभालेंगे कप्तानी

यूरोपियन T20 लीग में ‘डबलिन गार्डियंस’ के साथ ‘द वॉल’ की नई पारी

राहुल द्रविड़ ने खरीदी क्रिकेट टीम, दिग्गज स्पिनर अश्विन संभालेंगे कप्तानी

हैदराबाद, 13 मई (वेब वार्ता)। भारतीय क्रिकेट के दिग्गज राहुल द्रविड़ अब एक नई भूमिका में नजर आएंगे। उन्होंने यूरोपियन टी 20 प्रीमियर लीग (ईटीपीएल) के पहले सीजन के लिए ‘डबलिन गार्डियंस’ नामक फ्रेंचाइजी खरीदी है।

द्रविड़ इस टीम के को-ऑनर बने हैं और उन्होंने इस लीग के जरिए यूरोप में क्रिकेट की जमीनी प्रतिभाओं को निखारने का संकल्प लिया है। द्रविड़ के अनुसार, आयरलैंड और पूरे यूरोप में क्रिकेट के विकास की अपार संभावनाएं हैं और ईटीपीएल अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों के लिए एक बेहतरीन मंच साबित होगा।

इस टीम की सबसे बड़ी खासियत इसके कप्तान हैं। पूर्व भारतीय ऑफ-स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ‘डबलिन गार्डियंस’ की कमान संभालते नजर आएंगे। हालांकि अश्विन ने दिसंबर 2024 में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और आईपीएल से संन्यास ले लिया था, लेकिन वे विदेशी लीगों में अपनी स्पिन का जादू बिखेरना जारी रखेंगे।

39 वर्षीय अश्विन इस साल मेजर लीग क्रिकेट में भी खेलते दिखेंगे। द्रविड़ और अश्विन की यह जोड़ी एक बार फिर मैदान पर रणनीतियां बुनती नजर आएगी, जिससे क्रिकेट प्रशंसकों में भारी उत्साह है।

यूरोपियन T20 प्रीमियर लीग यूरोप की पहली आईसीसी मान्यता प्राप्त फ्रेंचाइजी प्रतियोगिता है, जिसमें कुल छह टीमें भाग लेंगी। लीग के सह-संस्थापक अभिषेक बच्चन ने बताया कि इस यात्रा में राहुल द्रविड़ के साथ स्टीव वॉ, क्रिस गेल और जॉन्टी रोड्स जैसे दिग्गज भी जुड़े हैं।

यह टूर्नामेंट 26 अगस्त से 20 सितंबर 2026 तक आयरलैंड, स्कॉटलैंड और नीदरलैंड के सहयोग से आयोजित किया जाएगा। इस लीग का मुख्य उद्देश्य यूरोप को क्रिकेट के अगले बड़े विकास क्षेत्र के रूप में स्थापित करना है।