सूरत में चौथे “प्याऊ सेवा” केंद्र का शुभारंभ, राहगीरों को मिलेगा शीतल जल

साकेत सेवा फाउंडेशन और चाय पे चर्चा चैरिटेबल ट्रस्ट की पहल, पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत ने किया उद्घाटन

सूरत में चौथे “प्याऊ सेवा” केंद्र का शुभारंभ, राहगीरों को मिलेगा शीतल जल

सूरत। भीषण गर्मी के बीच राहगीरों और जरूरतमंद लोगों को शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से साकेत सेवा फाउंडेशन एवं चाय पे चर्चा चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा प्रेरित चौथे “प्याऊ सेवा” केंद्र का शुभारंभ रविवार, 11 मई 2026 को किया गया।

यह जनसेवा अभियान QMAX कंपनी के श्री लक्ष्मी सागर टिबरेवाल के सहयोग तथा साकेत सेवा फाउंडेशन के संस्थापक साँवर प्रसाद बुधिया के मार्गदर्शन में शुरू किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन अनुपम सिंह गहलोत के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।

नया “प्याऊ सेवा” केंद्र अलथान पुलिस स्टेशन के सामने स्थित मेंहदीपुर बालाजी मंदिर के पास स्थापित किया गया है। यहां प्रतिदिन राहगीरों, आम नागरिकों और जरूरतमंद लोगों को गर्मी के दौरान शीतल जल उपलब्ध कराया जाएगा।

उद्घाटन समारोह में उपस्थित अतिथियों और समाजसेवियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे मानवता, सामाजिक जिम्मेदारी और सेवा संस्कारों को बढ़ावा देने वाला प्रेरणादायी कार्य बताया।

कार्यक्रम में संस्था के कार्यकर्ता प्रकाश बिंदल, राम अवतार पारीख, वीरेंद्र राजावत, राजेंद्र चौधरी, डूंगर सोढा, पंकज शर्मा, डॉ. ममता भक्कड़ और किंजल यादव सहित कई सेवाभावी सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के अंत में साकेत सेवा फाउंडेशन की ओर से सभी अतिथियों, सहयोगकर्ताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में भी जनसेवा के ऐसे कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया गया।

Tags: Surat