सूरत : किशोर की हत्या के आरोपी द्वारा कांस्टेबल पर चाकू से हमला, स्वबचाव में पुलिस ने की फायरींग
लिंबायत में 17 वर्षीय युवक की हत्या के बाद पुलिस की कार्रवाई, आरोपी और घायल कांस्टेबल का इलाज जारी
सूरत । शहर में चार दिनों के भीतर दूसरी बार ‘हाफ एनकाउंटर’ जैसी घटना सामने आई है। लिंबायत इलाके में 17 वर्षीय किशोर अनुराग उर्फ राज पवार की हत्या के मामले में फरार आरोपी राहुल जोगी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर आरोपी ने चाकू से हमला कर दिया।
जवाबी कार्रवाई में लिंबायत पुलिस इंस्पेक्टर डी.डी. चौहान ने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से दो राउंड फायर किए, जिसमें एक गोली आरोपी के दाहिने पैर में जा लगी। घायल आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर न्यू सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस के मुताबिक, 10 मई की रात लिंबायत क्षेत्र में मामूली टक्कर के बाद हुए विवाद में राहुल जोगी ने अनुराग पवार पर चाकू से हमला कर दिया था। गंभीर चोट लगने से किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हुई थीं।
जांच के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी राहुल जोगी मीठी खाड़ी क्षेत्र में पानी की टंकी के पास छिपा हुआ है। रविवार सुबह पुलिस टीम जब उसे पकड़ने पहुंची, तो आरोपी ने गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। इस दौरान हेड कांस्टेबल मुकेश बागुल पर चाकू से वार किया गया, जिससे वे घायल हो गए।
हालात बेकाबू होते देख पीआई डी.डी. चौहान ने आत्मरक्षा में दो राउंड फायरिंग की। एक गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद वह मौके पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे काबू में ले लिया।
आरोपी और कांस्टेबल दोनों अस्पताल में भर्ती
फायरिंग में घायल आरोपी राहुल जोगी को इलाज के लिए न्यू सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं, घायल कांस्टेबल मुकेश बागुल को गोडादरा स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल में किसी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए पुलिस का कड़ा बंदोबस्त किया गया है।
पीआई डी.डी. चौहान ने बताया कि अनुराग उर्फ राज पवार अपने दोस्त के साथ बाइक पर मोबाइल शॉप से भुगतान लेने जा रहा था। इसी दौरान गणेश नगर के पास उसकी बाइक आरोपी राहुल जोगी की बाइक से टकरा गई। मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने गुस्से में चप्पू निकालकर अनुराग के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से किशोर की मौत हो गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, राहुल कुमार संजयनाथ जोगी (28) लिंबायत क्षेत्र का निवासी है और उसके खिलाफ शहर के विभिन्न पुलिस थानों में लूट, चोरी, चेन स्नैचिंग, मारपीट और शराबबंदी कानून के उल्लंघन समेत कुल 17 मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ कापोद्रा, कतारगाम, सचिन, उधना, सलाबतपुरा और अन्य थानों में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस ने बताया कि राहुल जोगी के खिलाफ तीन बार PASA के तहत कार्रवाई की जा चुकी है। वर्ष 2021 में कपोद्रा पुलिस, 2024 में पांडेसरा पुलिस और 2025 में लिंबायत पुलिस ने उसे PASA के तहत जेल भेजा था।
सके बावजूद वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा। फिलहाल पुलिस ने पूरे मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और घटनास्थल से मिले सबूतों के आधार पर जांच जारी है।
