सूरत : सचिन जीआईडीसी में नए एसोसिएशन कार्यालय में हुआ शांति ओम, दिवाली तक शुरू होंगे सभी कार्य
करीब दो करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही नई बिल्डिंग में पहली एग्जीक्यूटिव बैठक भी आयोजित
सूरत। सूरत के सचिन इंडस्ट्रियल कॉ. ऑप. सोसायटी द्वारा निर्मित नए एसोसिएशन कार्यालय में शुक्रवार को विधि-विधान के साथ शांति ओम कार्यक्रम आयोजित किया गया। सचिन जीआईडीसी के रोड नंबर-6 स्थित नए कार्यालय भवन में बड़ी संख्या में उद्योगपतियों और पदाधिकारियों की उपस्थिति में पूजा-अर्चना संपन्न हुई।
सचिन इंडस्ट्रियल कॉ. ऑप. सोसायटी के सचिव मयूर गोलवाला से मिली जानकारी के अनुसार, एसोसिएशन का पुराना कार्यालय वर्ष 2001 से रोड नंबर-2 स्थित अरिहंत कॉम्प्लेक्स में संचालित हो रहा था, लेकिन समय के साथ भवन जर्जर हो चुका था।
वर्ष 2023 में चुने गए परिवर्तन पैनल के पदाधिकारियों ने नए कार्यालय निर्माण का निर्णय लिया और 22 जनवरी 2024, श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के दिन चोर्यासी विधानसभा क्षेत्र के विधायक संदीप देसाई की उपस्थिति में शेड नंबर 610-1 रोड नंबर 6 पानी की टंकी के सामने नए भवन का शिलान्यास किया गया था।
करीब दो वर्षों में 2 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से तैयार हो रही इस आधुनिक बिल्डिंग का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच चुका है। भवन के ग्राउंड फ्लोर पर बैंक की सुविधा भी शुरू की गई है, जिससे संस्था के लिए किराये के रूप में अतिरिक्त आय का स्रोत तैयार हुआ है।
9 मई 2026 को आयोजित शांति ओम कार्यक्रम में बेटियों धैर्या, नीवा और श्रीवा के आशीर्वाद से कुंभ स्थापना की गई। पूजा-अर्चना में सचिन जीआईडीसी के पूर्व नोटिफाइड चेयरमैन एवं वर्तमान नोटिफाइड चेयरमैन निलेश गामी, सचिव मयूर गोलवाला सहित इंडस्ट्री से जुड़े कई अग्रणी लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के बाद बड़ी संख्या में मौजूद उद्योगपतियों ने सामूहिक भोज में हिस्सा लिया। इसके पश्चात किशोरभाई पटेल की अध्यक्षता में नई बिल्डिंग में पहली एग्जीक्यूटिव मीटिंग आयोजित की गई, जिसमें विकास कार्यों और आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि भवन निर्माण और फर्नीचर का कार्य अंतिम चरण में है तथा दिवाली तक सभी प्रशासनिक और सामाजिक गतिविधियां नए कार्यालय से शुरू कर दी जाएंगी।
इस अवसर पर न्यू ऑफिस बिल्डिंग चेयरमैन मितुलभाई महेता सहित सचिन इंडस्ट्रियल क्षेत्र के कई उद्योगपति और समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
