सूरत : निशुल्क नेत्र जांच शिविर में 180 लोगों ने उठाया लाभ
120 मरीजों में मोतियाबिंद की पहचान, संस्था द्वारा निशुल्क ऑपरेशन कराने की घोषणा
हिन्दू सनातन सेवा पब्लिक चेरीटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित दीन सहायक विद्या मंदिर, वेसू में रविवार, 10 मई को निशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन स्वामी विवेकानंद नेत्र मंदिर के सहयोग से किया गया, जिसमें आंखों से संबंधित रोगों की जांच एवं परामर्श प्रदान किया गया।
संस्था के प्रमुख गिरिजा शंकर उपाध्याय ने बताया कि आज के समय में दृष्टिहीनता या कमजोर दृष्टि से पीड़ित व्यक्ति की पीड़ा को समझते हुए संस्था ने यह छोटा सा प्रयास किया है, ताकि जरूरतमंद लोगों को बेहतर नेत्र चिकित्सा सुविधा मिल सके।
नेत्र शिविर में करीब 180 जरूरतमंद लोगों ने लाभ उठाया। जांच के दौरान 120 लोगों में मोतियाबिंद की पहचान की गई। संस्था की ओर से इन सभी मरीजों का मोतियाबिंद ऑपरेशन पूरी तरह निशुल्क कराने की घोषणा की गई। इसके अलावा कई लोगों को मुफ्त चश्मों का वितरण भी किया गया।
शिविर में स्वामी विवेकानंद नेत्र मंदिर की ओर से शशि बारूदे, हनी राणा, विधि चौधरी, किंजल चौधरी और समिति सकत सहित विशेषज्ञ स्टाफ ने मरीजों की जांच कर उन्हें उचित परामर्श एवं सेवाएं प्रदान कीं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सरोज दुबे, नीरज शुक्ला, लालता प्रसाद उपाध्याय, सुरेश मिश्रा, उदयभान विश्वकर्मा, दीपक उपाध्याय, दक्षा वाघ, सुधा पाल, ओम दुबे और संजय मिश्रा सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने सक्रिय सहयोग दिया।
इस अवसर पर गिरिजा शंकर उपाध्याय ने कहा कि “मानव सेवा ही माधव सेवा है। वर्तमान समय में मानवता की सेवा ही सबसे श्रेष्ठ कार्य माना जाता है और संस्था इसी उद्देश्य के साथ समाजसेवा के कार्य लगातार करती रहेगी।”
