सेंसेक्स की शीर्ष 10 कंपनियों में से चार का बाजार पूंजीकरण एक लाख करोड़ रुपये घटा
नई दिल्ली, 10 मई (वेब वार्ता)। शेयर बाजार में सीमित दायरे में कारोबार के बीच बीते सप्ताह सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से चार के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में सामूहिक रूप से में एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई है।
इस दौरान भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को सबसे अधिक नुकसान उठाना पड़ा।
समीक्षाधीन सप्ताह में बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 414.69 अंक यानी 0.53 प्रतिशत चढ़ गया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी 178.6 अंक यानी 0.74 प्रतिशत के लाभ में रहा।
सप्ताह के दौरान भारती एयरटेल, एसबीआई, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) और लार्सन एंड टुब्रो (एलएंडटी) के बाजार पूंजीकरण में गिरावट दर्ज की गई।
वहीं दूसरी ओर रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फाइनेंस, हिंदुस्तान यूनिलीवर और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) के बाजार मूल्यांकन में कुल 46,685.21 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई।
सप्ताह के दौरान एसबीआई का बाजार पूंजीकरण 44,722.34 करोड़ रुपये घटकर 9,41,107.62 करोड़ रुपये रह गया। भारती एयरटेल का मूल्यांकन 31,167.1 करोड़ रुपये घटकर 11,18,055.03 करोड़ रुपये पर आ गया।
टीसीएस की बाजार हैसियत 28,456.26 करोड़ रुपये घटकर 8,66,477.69 करोड़ रुपये रही। वहीं एलएंडटी का मूल्यांकन 5,371.84 करोड़ रुपये घटकर 5,46,621.21 करोड़ रुपये पर आ गया।
इस रुख के उलट एचडीएफसी बैंक का बाजार मूल्यांकन 15,425.09 करोड़ रुपये बढ़कर 12,02,699.26 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। बजाज फाइनेंस का बाजार पूंजीकरण 11,486.89 करोड़ रुपये बढ़कर 5,94,610.02 करोड़ रुपये हो गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर का मूल्यांकन 8,763.97 करोड़ रुपये बढ़कर 5,37,562.98 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण 6,563.28 करोड़ रुपये बढ़कर 19,42,866.58 करोड़ रुपये रहा, जबकि एलआईसी का मूल्यांकन 2,751.37 करोड़ रुपये बढ़कर 5,07,549.44 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
आईसीआईसीआई बैंक की बाजार हैसियत 1,694.61 करोड़ रुपये बढ़कर 9,06,675.39 करोड़ रुपये रही। शीर्ष 10 कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही।
उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, एलएंडटी, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एलआईसी का स्थान रहा।
