मारुति सुजुकी इंडिया की 2026-27 में दमदार शुरुआत, बाजार हिस्सेदारी बढ़कर 42 प्रतिशत हुई
नई दिल्ली, 03 मई (वेब वार्ता)। देश की सबसे बड़ी कार विनिर्माता कंपनी मारुति सुजुकी इंडिया ने नए वित्त वर्ष 2026-27 की शुरुआत 42 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ की है, जो पिछले वित्त वर्ष के 39 प्रतिशत से अधिक है।
उद्योग के अनुमानों के अनुसार कंपनी ने अप्रैल में 1,91,122 इकाइयों की रिकॉर्ड घरेलू बिक्री दर्ज की और इस महीने बाजार हिस्सेदारी में लगभग तीन प्रतिशत अंकों की वृद्धि की है।
मारुति सुजुकी इंडिया के वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी (विपणन एवं बिक्री), पार्थो बनर्जी ने बताया कि हालांकि कंपनी की बाजार हिस्सेदारी में वृद्धि की अगुवाई उसकी यात्री कारों ने की है, लेकिन इसमें एसयूवी का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उन्होंने कहा, ”हमने अप्रैल में रिकॉर्ड बिक्री के साथ नए वित्त वर्ष की शानदार शुरुआत की है और बाजार हिस्सेदारी भी हासिल की है।”
कंपनी की इससे पहले की सबसे अधिक घरेलू बिक्री दिसंबर 2025 में 1,82,165 इकाइयों की थी। इस साल अप्रैल में यात्री कारों की बिक्री 96,725 इकाई रही, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह 68,244 इकाई थी।
बनर्जी ने कहा, ”एसयूवी में हमने अप्रैल में 55,065 इकाइयों की अब तक की सबसे अधिक बिक्री की है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 141.6 प्रतिशत अधिक है। हम शीर्ष स्थान के लगभग करीब हैं।”
