तमिलनाडु की सियासत में हलचल: एएमएमके विधायक कामराज के लापता होने पर टीटीवी दिनाकरन ने राज्यपाल से की शिकायत

‘टीवीके’ पर लगाया हॉर्स-ट्रेडिंग का गंभीर आरोप

तमिलनाडु की सियासत में हलचल: एएमएमके विधायक कामराज के लापता होने पर टीटीवी दिनाकरन ने राज्यपाल से की शिकायत

चेन्नई, 09 मई (वेब वार्ता)। तमिलनाडु में सत्ता के संघर्ष के बीच एएमएमके महासचिव टीटीवी दिनाकरन ने राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात कर मन्नारगुडी विधायक कामराज के लापता होने की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। दिनाकरन का आरोप है कि चुनाव परिणामों के बाद से ही विधायक से संपर्क नहीं हो पा रहा है।

उन्होंने आशंका जताई है कि विधायक को डरा-धमका कर या लालच देकर गायब किया गया है। राजभवन के बाहर मीडिया से बात करते हुए दिनाकरन ने इस मामले में तत्काल कार्रवाई और विधायक की बरामदगी की मांग की है।

दिनाकरन ने हालिया विधानसभा चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी ‘तमिलगा वेत्री कझगम’ (TVK) पर सीधे प्रहार करते हुए इसे ‘हॉर्स-ट्रेडिंग’ का मामला करार दिया है। उन्होंने दावा किया कि विजय के नेतृत्व वाली टीवीके को बहुमत के लिए दो और विधायकों की जरूरत है, जिसे पूरा करने के लिए अनैतिक रास्ते अपनाए जा रहे हैं।

दिनाकरन के अनुसार, कामराज ने पहले एआईएडीएमके के समर्थन में पत्र दिया था, लेकिन अब टीवीके के समर्थन का एक ‘फर्जी’ पत्र सामने आना गहरी साजिश की ओर इशारा करता है।

अपनी शिकायत में दिनाकरन ने न केवल टीवीके, बल्कि उनका समर्थन कर रही कांग्रेस और कम्युनिस्ट पार्टियों की भी कड़ी आलोचना की। उन्होंने कहा कि खुद को ‘शुद्ध शक्ति’ बताने वाली टीवीके सत्ता की भूख में अनैतिक गतिविधियों में शामिल हो रही है।

दिनाकरन ने सवाल उठाया कि जो पार्टियां डीएमके गठबंधन के साथ चुनाव जीतकर अब रातों-रात पाला बदल रही हैं, वे राज्य को स्वच्छ प्रशासन कैसे दे सकती हैं। उन्होंने राज्यपाल से अपील की है कि लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए इस पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जाए।

Tags: Tamilnadu