सुपरस्टार थलपति विजय के परिवार की इनसाइड स्टोरी: निर्देशक पिता, सिंगर मां और लंदन की संगीता से प्यार
जानें सिनेमाई विरासत की पूरी कुंडली
हैदराबाद, 07 मई (वेब वार्ता)। तमिल सिनेमा के बेताज बादशाह और अब राजनीति में कदम रख चुके थलपति विजय (जोसेफ विजय चंद्रशेखर) की सफलता के पीछे उनके परिवार का बड़ा हाथ है।
उनके पिता एस.ए. चंद्रशेखर तमिल फिल्म जगत के दिग्गज निर्देशक और निर्माता हैं, जिन्होंने विजय को फिल्मी दुनिया में लॉन्च करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनकी मां शोभा चंद्रशेखर एक प्रसिद्ध पार्श्व गायिका और लेखिका हैं।
विजय के जीवन में उनकी छोटी बहन विद्या की कमी हमेशा खलती है, जिनकी महज दो साल की उम्र में मृत्यु हो गई थी; इस घटना ने विजय को स्वभाव से काफी शांत और गंभीर बना दिया।
विजय की निजी जिंदगी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है। उनकी पत्नी संगीता सोरनालिंगम, जो लंदन की एक बिजनेस फैमिली से थीं, विजय की बहुत बड़ी प्रशंसक थीं और उनसे मिलने चेन्नई आई थीं।
मुलाकातों का यह दौर प्यार में बदला और 1999 में दोनों ने शादी कर ली। हालांकि, हालिया मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, अब यह रिश्ता तलाक की प्रक्रिया से गुजर रहा है। संगीता हमेशा लाइमलाइट से दूर रहना पसंद करती हैं, लेकिन विजय के करियर के उतार-चढ़ाव में उनकी भूमिका हमेशा चर्चा का विषय रही है।
विजय की विरासत को अब उनके बच्चे आगे बढ़ा रहे हैं। उनके बेटे जेसन संजय ने फिल्म ‘G.O.A.T’ के जरिए फिल्मी पर्दे पर दस्तक दी है और उनका रुझान अभिनय के साथ-साथ निर्देशन की ओर भी है।
वहीं उनकी बेटी दिव्या साशा फिलहाल अपनी पढ़ाई पर ध्यान केंद्रित कर रही हैं और लाइमलाइट से पूरी तरह दूर रहती हैं।
विजय की पार्टी टीवीके (TVK) ने हाल ही में तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में 108 सीटें जीतकर धमाका किया है, जिससे यह साफ है कि विजय अब सिनेमा के साथ-साथ सत्ता के गलियारों में भी अपने परिवार का नाम रोशन करने के लिए तैयार हैं।
