सूरत : लायन्स क्लब ऑफ सूरत ईस्ट और रेड क्रॉस चौर्यासी ब्रांच ने मनाया विश्व हाथ स्वच्छता दिवस
विशेषज्ञों ने हाथों की सफाई को बताया संक्रमण रोकने और स्वस्थ जीवन की सबसे प्रभावी आदत
लायन्स क्लब ऑफ सूरत ईस्ट एवं रेड क्रॉस चौर्यासी ब्रांच द्वारा विश्व हाथ स्वच्छता दिवस के अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लोगों को हाथों की स्वच्छता के महत्व और संक्रमण से बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी गई।
इस अवसर पर डॉ. प्रफुल्ल शिरोया ने कहा कि विश्व हाथ स्वच्छता दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य संक्रमण के फैलाव को रोकना और स्वस्थ जीवन के लिए साबुन एवं पानी से हाथ धोने के महत्व के प्रति जनजागृति फैलाना है। उन्होंने बताया कि विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा शुरू किया गया यह अभियान “स्वस्थ भारत” और सुरक्षित समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
डॉ. शिरोया ने कहा कि साबुन और पानी से कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धोना अत्यंत आवश्यक है। कोविड-19 जैसी महामारियों और अन्य संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए हाथों की स्वच्छता सबसे प्रभावी उपायों में से एक है। उन्होंने बताया कि नियमित हाथ धोने की आदत से संक्रमणों को रोका जा सकता है और अनेक लोगों का जीवन सुरक्षित किया जा सकता है।
उन्होंने लोगों को भोजन करने से पहले, खाना बनाने से पहले, शौचालय के उपयोग के बाद, बाहर से घर आने पर तथा खांसी या छींक आने के बाद हाथ अवश्य धोने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हमारे हाथ कई रोगों के वाहक बन सकते हैं, इसलिए उन्हें स्वच्छ रखना प्रत्येक व्यक्ति की महत्वपूर्ण दैनिक आदत होनी चाहिए। कार्यक्रम में महिला यूनिट की ऑफिसर कमांडिंग रेखा शिंदे, लायन किशोर मंगरोलिया, लायन जगदीश बोदरा तथा दिनेश पटेल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
