सूरत : नगर निगम के 30 वार्डों की मतगणना कल, गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह 9 बजे से शुरू होगी काउंटिंग

120 सीटों के लिए 583 प्रत्याशियों का भविष्य ईवीएम से खुलेगा, भाजप और आप होगी कांटे की टक्कर

सूरत : नगर निगम के 30 वार्डों की मतगणना कल, गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में सुबह 9 बजे से शुरू होगी काउंटिंग


सूरत। स्थानीय स्वशासन चुनाव के तहत मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी होने के बाद अब सभी की नजरें मतगणना पर टिकी हैं। सूरत नगर निगम के 30 वार्डों के लिए वोटों की गिनती मंगलवार सुबह 9 बजे से डॉ. एस. एंड एस. गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज में शुरू होगी।

सूरत नगर निगम के 30 वोर्ड में 120 सीटों के लिए 583 प्रत्याशियों के बीच चुनाव रविवार को हुआ था। शहर के विभिन्न वोर्ड में 59 प्रतिशत शांतीपूर्वक मतदान संपन्न हुआ था। मंगलवार को ईवीएम में बंद प्रत्याशियों का भविष्य खुलेगा, दोपहर तक सभी सीटों के परिणाम घोषित होने की उम्मीद है। 

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी ने काउंटिंग सेंटर का दौरा कर तैयारियों को अंतिम रूप दिया। इस दौरान पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।

मतगणना प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए 10 चुनाव अधिकारियों सहित 2,000 से अधिक कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन की ओर से मीडिया, चुनाव एजेंट और सुरक्षा व्यवस्था सहित सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

कर्मचारियों को पहले ही प्रशिक्षण दिया जा चुका है ताकि गिनती के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक बाधा न आए।

नगर निगम के अलावा जिले की विभिन्न नगरपालिकाओं और पंचायतों की मतगणना भी अलग-अलग केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। बारडोली, पलसाना, कडोदरा, मांडवी और तरसाडी नगरपालिकाओं के लिए निर्धारित शैक्षणिक संस्थानों में काउंटिंग होगी, जबकि जिला और तालुका पंचायतों की मतगणना भी तय स्थानों पर की जाएगी।

प्रशासन का दावा है कि पूरी प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से पूरी की जाएगी। अब सूरत की राजनीतिक तस्वीर किस दिशा में जाएगी, इसका फैसला मतगणना के नतीजों के साथ सामने आएगा।