वडोदरा : पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने वडोदरा स्टेशन का किया निरीक्षण
यात्री सुविधाओं, लॉबी व्यवस्था और ग्रीष्मकालीन भीड़ प्रबंधन का लिया जायजा
पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने सूरत–वडोदरा–गोधरा रेलखंड का विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान वडोदरा स्टेशन पहुंचने पर उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्टेशन का विस्तृत दौरा किया।
महाप्रबंधक ने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं की समीक्षा करते हुए लोको पायलट और ट्रेन मैनेजर लॉबी की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। इसके साथ ही उन्होंने ग्रीष्मकालीन सीजन में बढ़ती यात्री भीड़ को ध्यान में रखते हुए वडोदरा मंडल द्वारा किए गए विशेष इंतजाम, जैसे होल्डिंग एरिया आदि का अवलोकन किया।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके ने महाप्रबंधक को वडोदरा स्टेशन पर प्रस्तावित विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टेशन के आधुनिकीकरण और यात्रियों को बेहतर सुविधाएं प्रदान करने के लिए विभिन्न योजनाएं तैयार की गई हैं। महाप्रबंधक पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को प्राथमिकता देते हुए सभी व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया जाए।
