सूरत : सर्वधर्म संस्था ने निकाली भव्य गौ सम्मान जागरूकता रैली
कबूतर सर्कल से अक्षर टाउन तक सैकड़ों गौ भक्तों की भागीदारी, 7 मई को विशाल रैली और ज्ञापन कार्यक्रम की घोषणा
सर्वधर्म संस्था द्वारा ‘गौ सम्मान आह्वान अभियान’ के तहत सोमवार शाम एक भव्य जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत गौ संत कपिला दीदी और गोपाल सरस्वती जी के सान्निध्य में कबूतर सर्कल से हुई, जो डूंभाल हनुमान मंदिर होते हुए मॉडल टाउन, सम्राट टाउनशिप और अक्षर टाउन तक पहुंचकर संपन्न हुई।
इस रैली में परसराम मूंदड़ा, ओम प्रकाश केला, जसराज राठी, अशोक बजाज, दिनेश डागा, राजू बाहेती, अरुण चंगानी, लक्ष्मीकांत गोयल, एल.एन. राठी, अनुज बजाज, अविनय जैन, जयंती रावल, सत्यनारायण चांडक, अरुण पाटोदिया, विजय चोमाल, सजन महर्षि, मदन टावरी, सत्यनारायण कपूरिया सहित सैकड़ों गौ भक्तों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का उद्देश्य समाज में गौ सेवा और संरक्षण के प्रति जागरूकता फैलाना रहा। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोगों से गौ माता के प्रति अपने कर्तव्यों के निर्वहन का आह्वान किया।
गौसेवक दिनेश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि आगामी 7 मई को सुबह 9 बजे रिंग रोड स्थित मिलेनियम मार्केट से एक और विशाल रैली निकाली जाएगी, जो वनिता विश्राम तक पहुंचेगी। वहां हजारों गौसेवक एकत्रित होंगे, जिसके बाद अल्पाहार के पश्चात सभी एकजुट होकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपेंगे।
उन्होंने बताया कि इस दौरान करीब पांच लाख हस्ताक्षरों से युक्त ज्ञापन भी सौंपा जाएगा। गौ संतों ने सभी धर्मप्रेमियों और गौसेवकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर गौ माता को राष्ट्र माता घोषित करने के अभियान को समर्थन देने की अपील की है।
