सूरत : नीरव शाह के जन्मदिन पर “संप्रति छास भक्ति केंद्र” का शुभारंभ

भीषण गर्मी में रोज़ाना हजारों लोगों को मुफ्त ठंडी छाछ; सेवा कार्यों से जुड़ा संप्रति फाउंडेशन का नया प्रयास

सूरत : नीरव शाह के जन्मदिन पर “संप्रति छास भक्ति केंद्र” का शुभारंभ

सूरत। पूर्व डिप्टी मेयर और संप्रति फाउंडेशन के चेयरमैन नीरव शाह के जन्मदिन के अवसर पर शहर में “संप्रति छास भक्ति केंद्र” का शुभारंभ किया गया। “छास करावे हाश” के संदेश के साथ शुरू किए गए इस सेवा अभियान का उद्घाटन सूरत लोकसभा क्षेत्र के सांसद मुकेश दलाल ने किया।

अडाजन पाटिया स्थित जैनाचार्य चंद्रोदय अशोकसूरी चौक, धनमोरा कॉम्प्लेक्स के पास आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग और नागरिक उपस्थित रहे। यह पहल संप्रति फाउंडेशन द्वारा केपी ग्रुप, सूरत के सहयोग से शुरू की गई है, जिसका उद्देश्य गर्मी के मौसम में लोगों को राहत पहुंचाना है।

इस सेवा केंद्र पर आज से, लगभग एक महीने तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक लगभग 2500 से 3000 लोगों को ठंडी मसाला छाछ नि:शुल्क वितरित की जाएगी। साथ ही नागरिकों की सुविधा के लिए कूलर, बैठने की व्यवस्था और अन्य आवश्यक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। पूरे कार्यक्रम के संचालन के लिए 10 से 15 स्वयंसेवक प्रतिदिन सेवाएं देंगे।

संप्रति फाउंडेशन के चेयरमैन नीरव शाह ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से सामाजिक सेवा के विभिन्न कार्यों में सक्रिय रही है और आगे भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि भविष्य में केपी ग्रुप के सहयोग से और भी बड़े स्तर पर सेवा गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

इस अवसर पर केपी ग्रुप के प्रतिनिधि अफ्फान फारूकभाई पटेल, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस झाला, नगर निगम की नवनिर्वाचित कॉर्पोरेटर वैशालीबेन शाह सहित शहर के कई प्रमुख सामाजिक एवं व्यावसायिक हस्तियां मौजूद रहीं।

भीषण गर्मी के बीच शुरू किया गया यह “छास भक्ति केंद्र” आम नागरिकों के लिए राहत और सेवा का एक सराहनीय प्रयास माना जा रहा है।

Tags: Surat