आयुष्मान खुराना ने आम आदमी के किरदारों को जीवंत किया :मुदस्सर अज़ीज़

आयुष्मान खुराना ने आम आदमी के किरदारों को जीवंत किया :मुदस्सर अज़ीज़

मुंबई, 01 मई (वेब वार्ता)। बॉलीवुड निर्देशक मुदस्सर अज़ीज़ ने कहा है कि पिछले एक दशक में आयुष्मान खुराना ने आम आदमी के किरदारों को जिस तरह जीवंत किया है, वह उन्हें दर्शकों का चहेता बनाता है।

निर्देशक मुदस्सर अज़ीज़ एक बार फिर एक भरपूर मनोरंजन करने वाली फिल्म  पति पत्नी और वो दो  के साथ लौट रहे हैं। अपनी लेखनी और निर्देशन से दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले मुदस्सर इस बार आयुष्मान खुराना, वामिका गब्बी, सारा अली खान और रकुल प्रीत सिंह जैसे कलाकारों से सजी एक बहु-कलाकार फिल्म लेकर आ रहे हैं। यह फिल्म हास्य, उलझन और रोज़मर्रा की परिस्थितियों से जुड़ी एक पारिवारिक मनोरंजक कहानी होने का वादा करती है।

आयुष्मान के साथ काम करने पर बात करते हुए मुदस्सर ने कहा,   पिछले एक दशक में इस प्रकार की फिल्मों में उनका काम उत्कृष्ट रहा है। मुझे गर्व है कि इस बार मैं उनके दर्शकों के सामने एक ऐसा आयुष्मान प्रस्तुत कर रहा हूँ, जो अपनी ही परिस्थिति का समाधान भी है। प्रजापति पांडे ने स्वयं को निभाने के लिए आयुष्मान खुराना को चुना है।

फिल्म श्रृंखला के बारे में बात करते हुए मुदस्सर ने  पति पत्नी और वो दो  के विकास पर जोर दिया और संकेत दिया कि यह फिल्म अपने मूल हास्य तत्वों को बनाए रखते हुए एक नया दृष्टिकोण प्रस्तुत करेगी।

मुदस्सर ने सेट पर कलाकारों के बीच तालमेल को लेकर भी बात की। उन्होंने कहा,  ;परिस्थिति-आधारित हास्य में कई किरदारों की कहानी को साथ लेकर चलना एक प्रभावशाली पटकथा की माँग करता है।

केवल हास्य प्रसंगों पर निर्भर न रहकर, किरदारों को परिस्थितियों में रखना जरूरी होता है, जिससे उनके चरित्र की यात्रा बनी रहे। जहाँ तक हास्य की लय का सवाल है, मैं स्वयं को भाग्यशाली मानता हूँ कि मुझे इस फिल्म में 6-7 उत्कृष्ट कलाकारों के साथ काम करने का अवसर मिला और इसका श्रेय उन्हें भी उतना ही जाता है, जितना मुझे।

 गुलशन कुमार, बी. आर. चोपड़ा और टी-सीरीज़ प्रस्तुत, टी-सीरीज़ फिल्म्स और बी. आर. स्टूडियोज़ की  पति पत्नी और वो दो , का निर्देशन मुदस्सर अज़ीज़ ने किया है। फिल्म के निर्माताभूषण कुमार, रेनू रवि चोपड़ा और किशन कुमार हैं, जबकि रचनात्मक निर्माता जूनो चोपड़ा हैं । यह फिल्म 15 मई, 2026 को सिनेमाघरों में प्रदर्शित होने के लिए तैयार है।