वडोदरा : मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके द्वारा वडोदरा -आणंद- गोधरा खंड का निरीक्षण
इंफ्रा के विभिन्न विकास कार्यों की समीक्षा
वडोदरा मंडल के मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके द्वारा दिनांक 28 अप्रैल, 2026 को वडोदरा -आणंद- गोधरा खंड का निरीक्षण किया। उन्होंने इस खंड के विभिन्न स्टेशनों पर चल रहे इंफ्रा के विकास कार्यों की समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को इसे समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
पश्चिम रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अनुभव सक्सेना द्वारा जारी एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार भडके ने मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ करछिया यार्ड का व्यापक संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बीटीपीएन वैगनों के टॉप फिटिंग में प्रयुक्त सामग्री तथा कर्मचारियों द्वारा उपयोग किए जा रहे व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) का भी अवलोकन किया। उन्होंने संरक्षा उपकरणों के समय पर नवीनीकरण तथा विशेष रूप से समर सीजन को ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों के लिए पर्याप्त ओआरएस सुविधा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने आणंद स्टेशन पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्टेशन अपग्रेडेशन योजना की समीक्षा की। इसके साथ ही आणंद –गोधरा रेलखंड पर यार्ड माडिफिकेशन कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ओड एवं डाकोर स्टेशनों पर नई लूप लाइन के कमीशनिंग कार्य की प्रगति का भी वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आकलन किया।
मंडल रेल प्रबंधक श्री भडके ने Gujarat State Electricity Corporation Limited के वणकबोरी ताप विद्युत स्टेशन के टीएसपीडब्ल्यू साइडिंग का दौरा भी किया। यहां उन्हें वैगन टिपलर के संचालन तथा कोयला हैंडलिंग संयंत्र में वैगन टिपलर-1 से 5 के चल रहे नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण कार्यों की जानकारी मुख्य अभियंता पी. बी. पटेल द्वारा दी गई। इस दौरान राख (Ash) के उपयोग एवं प्रबंधन पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
श्री भडके ने गोधरा स्टेशन का निरीक्षण भी किया और अधिकारियों को स्वच्छता मेंटेन करने का निर्देश भी दिया। चांपानेर रोड स्टेशन पर उन्होंने लोडिंग अनलोडिंग के लिए बनाये जा रहे गुड्स प्लेटफार्म की संबंधित अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली। मंडल रेल प्रबंधक ने सभी संबंधित अधिकारियों को सुरक्षा, गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, जिससे रेल संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं प्रभावी बनाया जा सके।
