सूरत : दिल दहला देने वाली वारदात,  पत्नी की हत्या कर शव को सीमेंट से भरे बक्से में छिपाया

गोडादरा में पति ने बेटे के मोबाइल से कबूल किया जुर्म; फरार आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतज़ार

सूरत : दिल दहला देने वाली वारदात,  पत्नी की हत्या कर शव को सीमेंट से भरे बक्से में छिपाया

सूरत। सूरत के गोडादरा इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की हत्या कर शव को लकड़ी के बक्से में सीमेंट से पैक कर छिपा दिया। इस खौफनाक वारदात का खुलासा तब हुआ जब आरोपी ने खुद अपने बेटे के मोबाइल फोन से जुर्म कबूल करते हुए एक नोट भेज दिया।

मिली जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ के जगदलपुर निवासी प्रदीपभाई कोस्टा ने 21 अप्रैल को अपनी 39 वर्षीय बेटी शिल्पा से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला।

इसके बाद उन्होंने अपने दामाद विशाल सालवी से बात की, जिसने भ्रामक जानकारी देते हुए बताया कि शिल्पा घर नहीं लौटी। शक होने पर पिता 24 अप्रैल को सूरत पहुंचे और गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

मामले ने उस समय नाटकीय मोड़ लिया, जब शिल्पा के 13 वर्षीय बेटे के मोबाइल से एक नोट की तस्वीर परिवार के एक सदस्य को भेजी गई। इस नोट में आरोपी विशाल सालवी ने हत्या की बात कबूल करते हुए शव के ठिकाने की जानकारी दी।

सूचना मिलते ही पुलिस और परिवार मौके पर पहुंचे, जहां एक पुराने मकान में लकड़ी का बक्सा मिला। बक्सा खोलने पर उसमें सीमेंट से ढंका हुआ शव बरामद हुआ।

पुलिस के अनुसार, शव की स्थिति को देखते हुए मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा। फिलहाल, आरोपी विशाल सालवी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।

बताया जा रहा है कि शिल्पा और विशाल की शादी वर्ष 2010 में हुई थी और उनके दो बच्चे हैं। शुरुआती वर्षों के बाद दोनों के बीच लगातार विवाद होते रहे। पुलिस अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Tags: Crime Surat