सूरत प्री स्कूल एसोसिएशन का अनोखा मतदान जागरूकता अभियान
10,120 नन्हे बच्चों ने ड्राइंग के माध्यम से माता-पिता से की मतदान की अपील
सूरत। भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है, फिर भी कई बार स्थानीय निकाय चुनावों में गर्मी, व्यस्तता एवं जागरूकता की कमी के कारण मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहता है। इसी सोच को बदलने और नागरिकों को मतदान के प्रति प्रेरित करने हेतु सूरत प्री स्कूल एसोसिएशन द्वारा एक प्रेरणादायक एवं अनूठा अभियान आयोजित किया गया।
इस अभियान के अंतर्गत सूरत शहर के 100 से अधिक स्कूलों के 10,120 नन्हे बच्चों ने भाग लिया और सुंदर ड्राइंग बनाकर अपने माता-पिता एवं परिवारजनों से मतदान करने की अपील की। बच्चों ने अपनी चित्रकला के माध्यम से संदेश दिया कि “पहले मतदान, फिर जलपान”, “वोट देना हमारा अधिकार है” तथा “मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान जरूरी है।”
एसोसिएशन द्वारा इससे पूर्व भी पिछले चुनाव में इसी प्रकार का जनजागरूकता अभियान चलाया गया था, जिसे वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में स्थान प्राप्त हुआ था। उस समय भी प्रशासन एवं शहर के गणमान्य नागरिकों ने इस प्रयास की सराहना की थी।
वोटिंग अवेयरनेस रिकॉर्ड सर्टिफिकेट कलक्टर सौरभ पारधी, पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत द्वारा संस्था को भेंट हुआ जिला शिक्षा अधिकारी भगीरथ सिंह परमार को सर्टिफिकेट भेंट किया अधिकारियों ने इस अभिनव पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों के माध्यम से दिया गया संदेश समाज पर गहरा प्रभाव छोड़ता है और मतदान प्रतिशत बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगा।
इस अवसर पर एसोसिएशन के अग्रणी सदस्य गोपाल खत्री, राजेश माहेश्वरी, कामना खंडेलवाल ,निधि सिंह,हेमाली त्रिवेदी एवं भैरवी परीख सहित अनेक पदाधिकारी एवं स्कूल प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
एसोसिएशन समय-समय पर ऐसे सामाजिक, शैक्षणिक एवं जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, जिससे समाज को सकारात्मक दिशा मिल सके। मतदान जागरूकता हेतु बच्चों की यह भागीदारी न केवल प्रेरणादायक है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि देश का भविष्य सुरक्षित करने के लिए हर नागरिक को अपने मताधिकार का उपयोग अवश्य करना चाहिए।
