सूरत : लेट्स वोट’ डॉक्यूमेंट्री लॉन्च, सूरत में मतदान जागरूकता की अनूठी पहल
चैंबर ऑफ कॉमर्स और सूरत सिटिजन्स काउंसिल का नॉन-पॉलिटिकल कैंपेन, नागरिकों को वोटिंग के लिए प्रेरित करने पर फोकस
सूरत। आगामी लोकल बॉडी चुनावों को ध्यान में रखते हुए सधर्न गुजरात चैंबर ऑफ कोमर्स एन्ड इन्डस्ट्री और सूरत सिटिजन काउन्सिल ने मिलकर ‘लेट्स वोट’ नामक एक तीन मिनट की डॉक्यूमेंट्री फिल्म तैयार की है। इस फिल्म की लॉन्चिंग सोमवार, 20 अप्रैल 2026 को सरसाना स्थित उषाकांत मारफतिया सेमिनार हॉल में आयोजित कार्यक्रम में की गई।
इस पहल में ग्रीनलैब डायमंड्स के डायरेक्टर मुकेशभाई पटेल का भी सहयोग रहा। फिल्म का उद्देश्य पूरी तरह से गैर-राजनीतिक तरीके से लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करना और उन्हें अपने मताधिकार का उपयोग करने के लिए प्रेरित करना है।
चैंबर के प्रेसिडेंट निखिल मद्रासी और सूरत सिटिजन्स काउंसिल के चेयरमैन शरद कपाड़िया ने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री की स्क्रिप्ट डॉ. मुकुल चोकसी ने लिखी है, जबकि निर्देशन वैभव देसाई ने किया है। फिल्म का संगीत जिमी देसाई ने तैयार किया है और प्रोडक्शन की जिम्मेदारी सेतु उपाध्याय ने संभाली है।
इस डॉक्यूमेंट्री में शहर के कई प्रमुख व्यक्तित्वों ने भाग लेकर नागरिकों को वोट देने के लिए प्रेरित किया है। इनमें सूरत के पुलिस कमिश्नर अनुपम सिंह गहलोत, जिला कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी, म्युनिसिपल कमिश्नर एम. नागराजन, वीर नर्मद साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर डॉ. किशोर सिंह चावड़ा और अभिनेत्री युक्ति रांडेरिया शामिल हैं।
आयोजकों ने बताया कि इससे पहले ‘लाइन लगावो’ नामक फिल्म बनाई गई थी, लेकिन उस समय सोशल मीडिया के सीमित उपयोग के कारण वह ज्यादा लोगों तक नहीं पहुंच सकी।
वर्तमान डिजिटल दौर को ध्यान में रखते हुए ‘लेट्स वोट’ को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के साथ-साथ शहर के सिनेमाघरों में भी प्रदर्शित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसका संदेश पहुंचे।
आयोजकों के अनुसार, यह डॉक्यूमेंट्री नागरिकों को सही उम्मीदवार चुनने, मतदान करने और लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए प्रेरित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
