सूरत : GCAS पोर्टल की गड़बड़ियों पर वीएनएसजीयू में छात्रों का प्रदर्शन

एबीवीपी का जोरदार विरोध, एडमिशन प्रक्रिया में बाधा का आरोप, समस्याएं दूर न होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

सूरत : GCAS पोर्टल की गड़बड़ियों पर वीएनएसजीयू में छात्रों का प्रदर्शन

 सूरत। वीर नर्मद साउथ गुजरात यूनिवर्सिटी  (वीएनएसजीयू) में GCAS पोर्टल में आ रही तकनीकी समस्याओं को लेकर छात्रों का आक्रोश सामने आया है।

अखिल भारतीय विधार्थि परिषद (एबीवीपी) के नेतृत्व में बड़ी संख्या में छात्र यूनिवर्सिटी के मुख्य द्वार पर एकत्र हुए और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। 

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप है कि GCAS पोर्टल में लगातार तकनीकी गड़बड़ियां आ रही हैं, जिससे एडमिशन प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। छात्रों के अनुसार, ऑनलाइन फॉर्म भरने, डेटा अपलोड करने और वेरिफिकेशन जैसी प्रक्रियाओं में बाधाएं आ रही हैं, जिसके कारण कई विद्यार्थी समय पर आवेदन जमा नहीं कर पा रहे हैं। इससे एडमिशन में देरी हो रही है और छात्रों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।

 एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार विश्वविद्यालय प्रशासन को अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसके विरोध में छात्रों ने GCAS पोर्टल का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया और मटके फोड़कर अपनी नाराजगी जताई।

छात्रों ने मांग की कि GCAS पोर्टल को तत्काल प्रभाव से सुधार किया जाए या वैकल्पिक व्यवस्था लागू की जाए, ताकि एडमिशन प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके। एबीवीपी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

प्रदर्शन के बाद छात्र वापस लौट गए, लेकिन पोर्टल की समस्याओं को लेकर उनका असंतोष अभी भी बरकरार है।