सूरत : GJEPC का स्टडेड डायमंड ज्वेलरी खरीदार-विक्रेता मिलन सफल
16 भारतीय प्रदर्शक और 6 देशों के अंतर्राष्ट्रीय खरीदार शामिल, फैक्ट्री विज़िट बना मुख्य आकर्षण
सूरत। हीरा और ज्वेलरी उद्योग के वैश्विक केंद्र सूरत में जेम एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल(GJEPC) द्वारा 13-14 अप्रैल, 2026 को विशेष स्टडेड डायमंड ज्वेलरी खरीदार-विक्रेता मिलन का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का प्रीव्यू और उद्घाटन सत्र 12 अप्रैल को आयोजित हुआ।
जीजेईपीसी सूरत के अध्यक्ष जय सावलीया ने जानकारी देते हुए कहा कि यह आयोजन अपनी तरह की पहली पहल रहा, जो विशेष रूप से स्टडेड डायमंड ज्वेलरी पर केंद्रित था। इसमें प्राकृतिक (नेचुरल) और लैब-ग्रोन दोनों सेगमेंट को शामिल किया गया। कार्यक्रम में 16 भारतीय प्रदर्शकों के साथ रूस, अमेरिका, ब्राजील, बुल्गारिया, कोलंबिया और पोलैंड से आए 17 अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों ने भाग लिया।
आयोजन की खास विशेषता ‘प्रीव्यू डे’ रही, जिसमें शोकेस बूथों के माध्यम से खरीदारों और विक्रेताओं के बीच व्यवस्थित संवाद का अवसर मिला। वहीं, फैक्ट्री विज़िट इस कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही, जहां अंतर्राष्ट्रीय खरीदारों को सूरत की आधुनिक निर्माण क्षमताओं को नज़दीक से देखने का अवसर मिला।
एक सुनियोजित कार्यक्रम के तहत दो दिनों में सभी 16 फैक्ट्रियों का दौरा कराया गया, जिससे खरीदारों को उत्पादन प्रक्रिया, गुणवत्ता और तकनीकी दक्षता की सीधी जानकारी प्राप्त हुई।
इस पहल ने व्यापारिक संबंधों को मजबूत करने के साथ ही वैश्विक स्तर पर सूरत की पहचान को और सुदृढ़ किया है, जिससे शहर का डायमंड और ज्वेलरी हब के रूप में महत्व और बढ़ा है।
