लखनऊ को हराकर Point Table में टॉप पर पहुंची डिफेंडिंग चैंपियन बेंगलुरु

लखनऊ को हराकर Point Table में टॉप पर पहुंची डिफेंडिंग चैंपियन बेंगलुरु

बेंगलुरु, 15 अप्रैल (वेब वार्ता)। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने लखनऊ सुपर जायंट्स को एकतरफा अंदाज में हराया। आरसीबी ने 146 रन का लक्ष्य 29 गेंद बाकी रहते हासिल कर शानदार जीत दर्ज की।

डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए पॉइंट्स टेबल में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है। टीम ने सीजन के 23वें मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स को 5 विकेट से हराया। एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ की टीम 146 रन पर सिमट गई।

जवाब में आरसीबी ने लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल करते हुए 15.1 ओवर में 5 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। इस जीत के साथ बेंगलुरु ने 5 मैचों में अपनी चौथी जीत दर्ज की और उसके कुल 8 अंक हो गए हैं।

बेहतर नेट रन रेट के चलते आरसीबी ने राजस्थान रॉयल्स को पीछे छोड़ते हुए टॉप स्थान पर कब्जा जमा लिया है। वहीं लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह सीजन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। टीम को 5 मैचों में तीसरी हार का सामना करना पड़ा है, जिससे उसकी स्थिति तालिका में कमजोर हो गई है।

लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी 
टॉस गंवाकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स को एडेन मार्करम और मिचेल मार्श की जोड़ी ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों ने शुरुआती 4 ओवर में 32 रन जोड़े और टीम को स्थिरता दी।

हालांकि, मार्करम 8 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कप्तान ऋषभ पंत बल्लेबाजी के लिए आए, लेकिन अपनी पारी की तीसरी ही गेंद पर चोटिल हो गए और रिटायर्ड हर्ट होकर मैदान छोड़ना पड़ा।

मार्श ने एक छोर संभाले रखा और 32 गेंदों में 40 रन की पारी खेली, जिसमें 2 छक्के और 3 चौके शामिल रहे। टीम ने 118 रन तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे।

इसके बाद पंत दोबारा बल्लेबाजी के लिए लौटे, लेकिन ज्यादा देर टिक नहीं सके और भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। आयुष बडोनी ने 24 गेंदों में 38 रन और मुकुल चौधरी ने 28 गेंदों में 39 रन बनाकर टीम को 146 तक पहुंचाया।

आरसीबी गेंदबाजों का जलवा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया। रसिख सलाम डार सबसे सफल गेंदबाज रहे, जिन्होंने 24 रन देकर 4 विकेट झटके और लखनऊ की बल्लेबाजी को झकझोर दिया। उनके अलावा भुवनेश्वर कुमार ने भी अहम विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।

आरसीबी की आक्रामक बल्लेबाजी

लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत भी दिलचस्प रही, जब विराट कोहली पहले ही ओवर में रन आउट होते-होते बचे। फिल साल्ट दूसरे ओवर में 7 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद कोहली ने आक्रामक अंदाज अपनाते हुए 20 गेंदों में 40 रन ठोके।

रजत पाटीदार ने 13 गेंदों में 27 और जितेश शर्मा ने 9 गेंदों में 23 रन बनाए। अंत में टिम डेविड और रोमारियो शेफर्ड ने तेजी से रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचा दिया।