सूरत : बैंक ऑफ बड़ौदा और रिलायंस जियो की साझेदारी से फीचर फोन यूज़र्स के लिए ‘bobWorld Lite’ लॉन्च

सूरत : बैंक ऑफ बड़ौदा और रिलायंस जियो की साझेदारी से फीचर फोन यूज़र्स के लिए ‘bobWorld Lite’ लॉन्च

सूरत। बैंक ऑफ़ बड़ौदा और रिलायंस जियो ने डिजिटल समावेशन को बढ़ावा देने की दिशा में एक बड़ी पहल करते हुए ‘bobWorld Lite’ मोबाइल बैंकिंग ऐप लॉन्च किया है। यह ऐप खास तौर पर फीचर फोन उपयोगकर्ताओं के लिए तैयार किया गया है और JioPhone Prima 4G डिवाइस पर उपलब्ध रहेगा।

यह देश का पहला ऐसा व्यापक मोबाइल बैंकिंग प्लेटफॉर्म है, जो फीचर फोन यूज़र्स को भी डिजिटल बैंकिंग की पूरी सुविधा देगा। सरकार और भारतीय रिज़र्व बैंक के डिजिटल समावेशन के विज़न के अनुरूप यह पहल लाखों लोगों को सरल और सुरक्षित बैंकिंग सेवाओं से जोड़ेगी।

पारंपरिक ऐप्स जहां केवल स्मार्टफोन पर काम करते हैं, वहीं ‘bobWorld Lite’ को कम बैंडविड्थ, कीपैड नेविगेशन और आसान इंटरफेस के साथ डिजाइन किया गया है, जिससे ग्रामीण और अर्ध-शहरी क्षेत्रों में भी इसका उपयोग आसान हो सके।

इस ऐप में UPI आधारित स्कैन एंड पे, फंड ट्रांसफर, बिल भुगतान, मोबाइल रिचार्ज और प्रोफाइल मैनेजमेंट जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। आने वाले समय में इसमें और भी फीचर्स जोड़े जाएंगे। जियोफोन प्राइमा 4G यूज़र्स इसे सीधे होम स्क्रीन से एक्सेस कर सकते हैं, जबकि मौजूदा यूज़र्स इसे जियो स्टोर से डाउनलोड कर सकते हैं।

बैंक ऑफ बड़ौदा के MD एवं CEO डॉ. देबदत्त चांद ने कहा कि यह पहल डिजिटल बैंकिंग को स्मार्टफोन से आगे बढ़ाकर आम लोगों तक पहुंचाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। वहीं रिलायंस जियो के अध्यक्ष डॉ. सुनील दत्त ने कहा कि इस साझेदारी से देशभर में लाखों फीचर फोन यूज़र्स को सस्ती और आसान बैंकिंग सुविधा मिलेगी।

जियो की व्यापक डिजिटल पहुंच और बैंक ऑफ बड़ौदा के मजबूत नेटवर्क के साथ, यह पहल देश में डिजिटल बैंकिंग के विस्तार को नई गति देगी और वित्तीय समावेशन को मजबूत बनाएगी।