सूरत में ABN बना उभरते उद्यमियों के लिए सशक्त मंच
मीटिंग में डॉक्टरों का सम्मान, नई कार्यकारिणी का गठन और महिला उद्यमिता को बढ़ावा
सूरत। अग्रवाल बिजनेस नेटवर्क (ABN) शहर में उभरते उद्यमियों के लिए एक मजबूत मंच के रूप में तेजी से उभर रहा है। व्यापारिक अवसर, नेटवर्किंग और सहयोग को बढ़ावा देने वाले इस संगठन को एक वटवृक्ष के रूप में विकसित करने में इसके फाउंडर निखिल गर्ग, रौनक मोदी, अंकुर चंगोईवाला, परिमल राजगढ़िया और साकेत बजाज के प्रयासों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रविवार, 12 अप्रैल को आयोजित बैठक में विश्व स्वास्थ दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिष्ठित डॉक्टरों का सम्मान किया गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां भी साझा कीं।
डॉ. नितिन अग्रवाल ने किडनी और मूत्र संबंधी समस्याओं पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. सौरभ अग्रवाल ने पाचन तंत्र के स्वास्थ्य पर जानकारी दी। आयुर्वेद विशेषज्ञ डॉ. पलक बंसल ने पंचकर्म के लाभ बताए।
डेंटल विशेषज्ञ डॉ. सुरभि दरक ने ओरल हाइजीन और नियमित जांच के महत्व पर जोर दिया, वहीं पीडियाट्रिक डेंटिस्ट डॉ. श्वेतल अग्रवाल ने बच्चों के दांतों की देखभाल पर मार्गदर्शन दिया। कार्यक्रम के दौरान एक इंटरैक्टिव प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया गया।
इस अवसर पर ABN के सक्रिय सदस्यों को सम्मानित किया गया। अग्रवाल समाज के अध्यक्ष कोकिजी और संरक्षक संजय जगनानी ने अपने प्रेरणादायक विचार साझा कर उपस्थित लोगों को प्रोत्साहित किया।
सिर्फ डेढ़ वर्ष में ABN ने अपने नेटवर्क का विस्तार करते हुए महिला उद्यमियों को भी सशक्त बनाया है और नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराए हैं। कार्यक्रम के दौरान नई कार्यकारिणी का भी गठन किया गया, जिसमें परिमल राजगढ़िया को अध्यक्ष, द्रवित बंका को सचिव, बिमल अग्रवाल को कोषाध्यक्ष, महेंद्र सिंघल को उपाध्यक्ष और सोनिका बाजारी को लीड विजिटर होस्ट चुना गया।
कार्यक्रम में अग्रवाल समाज ट्रस्ट की महिला इकाई की अध्यक्षा रेखा जालान की भी सक्रिय सहभागिता रही। यह आयोजन नेटवर्किंग के साथ-साथ स्वास्थ्य जागरूकता और संगठनात्मक मजबूती का एक सफल उदाहरण साबित हुआ।
