वडोदरा मंडल द्वारा 2.722 MWp क्षमता के सोलर संयंत्र की स्थापना से होगी प्रतिवर्ष रु. 2.92 करोड़ की बचत 

वडोदरा मंडल भविष्य में भी सौर ऊर्जा क्षमता के विस्तार एवं ऊर्जा दक्षता उपायों के क्रियान्वयन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा उपयोग को और बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध

वडोदरा मंडल द्वारा 2.722 MWp क्षमता के सोलर संयंत्र की स्थापना से होगी प्रतिवर्ष रु. 2.92 करोड़ की बचत 

भारतीय रेल की हरित ऊर्जा नीति के अनुरूप पश्चिम रेलवे का वडोदरा मंडल सौर ऊर्जा के उपयोग को निरंतर बढ़ाते हुए ऊर्जा दक्षता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण प्रगति कर रहा है। वित्तीय वर्ष 2025–26 के दौरान मंडल रेल प्रबंधक राजू भडके के मार्गदर्शन में वडोदरा मंडल के विद्युत विभाग द्वारा कुल 2.722 मेगावाट पीक (MWp) क्षमता के रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए गए। इन सौर संयंत्रों के परिणामस्वरूप मंडल को प्रतिवर्ष लगभग रु.2.92 करोड़ की बचत होगी, जो ऊर्जा लागत के अनुकूलन की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। 

वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (पावर) प्रदीप मीणा ने बताया कि यह पहल पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। इन संयंत्रों से प्रतिवर्ष  लगभग 3.64 मिलियन यूनिट सौर ऊर्जा का उत्पादन होगा, जिससे ऊर्जा उपयोग की दक्षता में उल्लेखनीय सुधार होगा। साथ ही, मानक ग्रिड उत्सर्जन कारक के आधार पर इन संयंत्रों से लगभग 2632 टन CO₂ उत्सर्जन में कमी आंकी जाएगी। 25 वर्षों की अनुमानित आयु अवधि में लगभग 65,800 टन CO₂ उत्सर्जन से बचाव किया जा सकेगा।

उन्होंने बताया कि विद्युत विभाग (पावर) मंडल में रेलवे स्टेशनों, सेवा भवनों एवं परिसरों पर रूफटॉप सोलर संयंत्रों की स्थापना के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा दे रहा है, जिससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता में कमी लाई जा रही है। मंडल के विभिन्न प्रमुख स्थलों, जैसे वडोदरा स्टेशन परिसर, विद्युत लोको शेड तथा अंकलेश्वर स्टेशन सहित अन्य सेवा भवनों पर सौर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। वडोदरा स्टेशन पर रनिंग रूम, टीटीई रेस्ट रूम, रिटायरिंग रूम, आरआरआई, लॉबी एवं कार्यालय भवनों की छतों का उपयोग करते हुए सौर ऊर्जा उत्पादन सुनिश्चित किया गया है। इसी प्रकार लोको शेड एवं अन्य परिसरों में भी उपलब्ध अवसंरचना का प्रभावी उपयोग किया गया है।

वडोदरा मंडल भविष्य में भी सौर ऊर्जा क्षमता के विस्तार एवं ऊर्जा दक्षता उपायों के क्रियान्वयन के माध्यम से स्वच्छ ऊर्जा उपयोग को और बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। सुनियोजित कार्यान्वयन एवं सतत निगरानी के साथ मंडल एक ऊर्जा-कुशल, किफायती एवं पर्यावरण-अनुकूल रेलवे प्रणाली के निर्माण की दिशा में अग्रसर है।

Tags: Vadodara