सूरत : गुजरात रेड क्रॉस का भव्य सम्मान समारोह, सूरत की चौर्यासी शाखा ने जीते तीन पुरस्कार
नेत्रदान, रक्तदान और आपदा प्रबंधन सहित कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए मिला सम्मान
इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की गुजरात राज्य शाखा द्वारा वर्ष 2024-25 की वार्षिक साधारण सभा के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिला एवं तालुका शाखाओं को सम्मानित करने के लिए 30 मार्च 2026 को अहमदाबाद के पुराने वाडज स्थित रेड क्रॉस भवन में एक भव्य पुरस्कार समारोह का आयोजन किया गया।
इस समारोह में गुजरात राज्य शाखा के चेयरमैन अजयभाई पटेल, सेक्रेटरी प्रकाशभाई परमार, अजयभाई शाह, नर्मदा की विधायक डॉ. दर्शना देशमुख, सौराष्ट्र ज़ोन के चेयरमैन डॉ. दीपक पटेल, मध्य गुजरात ज़ोन के चेयरमैन दीपक दवे, दक्षिण ज़ोन के चेयरमैन डॉ. अतुल देसाई तथा अशोकभाई शीलु सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

समारोह के दौरान उत्कृष्ट कार्य और श्रेष्ठ परियोजनाओं के सफल संचालन के लिए विभिन्न शाखाओं को प्रथम एवं द्वितीय पुरस्कारों से नवाजा गया। इस अवसर पर सूरत की इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी की चौर्यासी शाखा ने उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए कुल तीन पुरस्कार अपने नाम किए।
चौर्यासी शाखा को नेत्रदान, देहदान, रक्तदान, आपदा प्रबंधन, फर्स्ट एड एवं सीपीआर प्रशिक्षण के साथ-साथ जूनियर रेड क्रॉस और यूथ रेड क्रॉस गतिविधियों में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया।
इन पुरस्कारों को ग्रहण करने के लिए चौर्यासी शाखा के चेयरमैन डॉ. प्रफुलभाई शिरोया, दिनेशभाई जोगाणी, किशोरभाई मंगरोलिया और जगदीशभाई बोडरा अहमदाबाद स्थित रेड क्रॉस भवन में उपस्थित रहे और गौरवपूर्ण क्षण का हिस्सा बने।
