राजकोट : कस्टम अधिकारियों के भेष में 15 किलो सोना लूटा, 22 करोड़ की वारदात से हड़कंप

राजकोट के व्यापारी का माल बिहार के दानापुर में लूटा, चोरी की कार और CCTV के सहारे जांच तेज, SIT गठित

राजकोट : कस्टम अधिकारियों के भेष में 15 किलो सोना लूटा, 22 करोड़ की वारदात से हड़कंप

बिहार की राजधानी पटना के दानापुर इलाके में कस्टम अधिकारियों के भेष में आए लुटेरों ने दिनदहाड़े 15 किलोग्राम सोना लूटकर सनसनी फैला दी। करीब 22 करोड़ रुपये मूल्य के इस सोने की लूट ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, राजकोट के प्रहलाद प्लॉट स्ट्रीट नंबर-6 स्थित ‘KV एंड संस’ फर्म के मालिक सुनीलभाई किशोरभाई फिचड़िया का सोना उनके कर्मचारियों के माध्यम से बिहार भेजा जा रहा था। अहमदाबाद से सहरसा एक्सप्रेस ट्रेन के जरिए महेश मामतोरा और प्रिंस रामपरिया 15 किलो सोने के गहनों से भरे तीन बैग लेकर दानापुर पहुंचे थे।

शनिवार दोपहर जैसे ही दोनों कर्मचारी रेलवे स्टेशन से बाहर निकलकर ऑटो रिक्शा से बाकरगंज की ओर जा रहे थे, तभी सात बदमाशों ने उन्हें घेर लिया। कुछ ही देर में कार और दो बाइक पर सवार अन्य बदमाश भी मौके पर पहुंच गए। कार पर पुलिस का स्टीकर लगा था और बदमाशों ने सफेद शर्ट व खाकी पैंट पहन रखी थी, जिससे वे असली अधिकारियों जैसे लग रहे थे।

लुटेरों ने खुद को कस्टम अधिकारी बताकर तीनों बैग अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद उन्होंने प्रिंस रामपरिया को मौके पर ही छोड़ दिया, जबकि महेश मामतोरा को कार में बैठाकर कुछ दूरी पर ले जाकर छोड़ दिया और फरार हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही खगौल पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस को लूट में इस्तेमाल की गई एक चोरी की कार, एक बाइक और एक खाली बैग बरामद हुआ है। बताया जा रहा है कि लुटेरों ने बैग में लगे GPS डिवाइस को निकालकर फेंक दिया, जिससे साफ है कि वारदात पूरी तरह से योजनाबद्ध थी।

घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी सुनीलभाई फिचड़िया और उनके भाई जिग्नेशभाई दानापुर पहुंच गए। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है और आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि लुटेरे रेलवे स्टेशन से ही कर्मचारियों का पीछा कर रहे थे। इस बीच सबसे बड़ा सवाल यह उठ रहा है कि इतनी बड़ी मात्रा में सोना ट्रेन के जरिए क्यों भेजा गया और लुटेरों को इसकी सटीक जानकारी कैसे मिली। पुलिस का मानना है कि यह लूट पूरी तरह से सुनियोजित साजिश का हिस्सा है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।

Tags: Rajkot