सूरत : खड़गे के बयान पर शहर भाजपा इकाई का मौन विरोध, काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन

गुजरातियों पर टिप्पणी को लेकर जताया आक्रोश, नेताओं ने कहा—अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा

सूरत : खड़गे के बयान पर शहर भाजपा इकाई  का मौन विरोध, काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन

सूरत। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के कथित बयान को लेकर सूरत में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सूरत महानगर इकाई ने शहर अध्यक्ष परेशभाई पटेल के नेतृत्व में अडाजन स्थित गुजरात गैस सर्कल पर मौन विरोध प्रदर्शन किया।

जानकारी के अनुसार, केरल में चुनाव प्रचार के दौरान खड़गे द्वारा गुजरातियों को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर भाजपा ने कड़ी आपत्ति जताई है। पार्टी नेताओं का कहना है कि इस बयान से गुजरात की जनता की भावनाएं आहत हुई हैं।

इस विरोध प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराया और “गुजरात की पहचान हमारा गौरव है” जैसे संदेश लिखे बैनर भी प्रदर्शित किए।

राज्य स्तर पर भी इस बयान की निंदा की गई है। भूपेंद्र पटेल, हर्ष संघवी और जगदीश विश्वकर्मा ने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए आलोचना की है।

विरोध कार्यक्रम में सूरत लोकसभा सांसद मुकेशभाई दलाल, भाजपा महानगर महासचिव करशनभाई गोंडालिया, विरल गिलिटवाला, दुर्गा प्रसाद पांडे, पूर्व महापौर दक्षेशभाई मावाणी, स्थायी समिति अध्यक्ष राजन पटेल, महिला मोर्चा अध्यक्ष जागृतिबेन देसाई, युवा मोर्चा अध्यक्ष बिपिन तलाविया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

भाजपा नेताओं ने स्पष्ट किया कि गुजरात के सम्मान के खिलाफ किसी भी तरह की टिप्पणी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे बयानों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रहेगा।