सूरत : स्थापना दिवस पर श्री बजरंग सेना का विस्तार, संगठन को नई दिशा देने का आह्वान

राष्ट्रीय अध्यक्ष हितेश विश्वकर्मा बोले—युवाओं की भागीदारी से संगठन तेजी से बढ़ रहा

सूरत : स्थापना दिवस पर श्री बजरंग सेना का विस्तार, संगठन को नई दिशा देने का आह्वान

सूरत। श्री बजरंग सेना ने अपने स्थापना दिवस (6 अप्रैल) के अवसर पर संगठन के विस्तार और सामाजिक सरोकारों को लेकर अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। इस मौके पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हितेश विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

हितेश विश्वकर्मा ने कहा कि संगठन की विचारधारा और सामाजिक कार्यों से प्रभावित होकर बड़ी संख्या में युवा इससे जुड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि श्री बजरंग सेना लगातार समाज के विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय भूमिका निभा रही है और आने वाले समय में इसे और व्यापक रूप दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि श्री बजरंग सेना की स्थापना 6 अप्रैल 2019 को सूरत से की गई थी और आज संगठन नौ राज्यों में सक्रिय है, जहां एक लाख से अधिक सदस्य जुड़े हुए हैं। संगठन का उद्देश्य भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं को मजबूत करना तथा समाज में एकता और राष्ट्रीयता की भावना को प्रबल करना है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि संगठन केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक सरोकारों में भी सक्रिय भागीदारी निभा रहा है। पर्यावरण संरक्षण के तहत पौधारोपण, मंदिरों में हनुमान चालीसा और सुंदरकांड के पाठ का आयोजन, तथा गरीब विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग जैसे कार्य नियमित रूप से किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस संगठन के लिए आत्ममंथन और आगे की रणनीति तय करने का अवसर है। इस मौके पर उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से समाज सेवा के कार्यों को और गति देने तथा संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की अपील की।

Tags: Surat PNN