सूरत के लिए कांग्रेस का मेनिफेस्टो जारी, रोजगार, टैक्स राहत और सामाजिक न्याय पर फोकस
नगर निगम में 10,000 नौकरियों का वादा, महिलाओं को 50% टैक्स छूट और तापी नदी शुद्धिकरण का रोडमैप
सूरत। आगामी नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सूरत शहर के लिए अपना मेनिफेस्टो जारी कर दिया है।
‘कांग्रेस आपके द्वार’ और ‘जनमंच’ अभियान के जरिए जनता से सीधे सुझाव लेकर तैयार किए गए इस मेनिफेस्टो को पार्टी ने सूरत के हर वर्ग की जरूरतों और अपेक्षाओं का प्रतिबिंब बताया है।
पार्टी नेतृत्व का कहना है कि यह मेनिफेस्टो सिर्फ एक राजनीतिक दस्तावेज नहीं, बल्कि शहर के लोगों की समस्याओं और उम्मीदों पर आधारित एक विजन डॉक्यूमेंट है।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पिछले कुछ महीनों में घर-घर जाकर शिक्षा, स्वास्थ्य, ट्रैफिक और बुनियादी सुविधाओं जैसे मुद्दों पर लोगों से फीडबैक लिया था, जिसके आधार पर यह घोषणा पत्र तैयार किया गया है।
मेनिफेस्टो में सबसे बड़ा फोकस रोजगार और महिला सशक्तिकरण पर रखा गया है। कांग्रेस ने नगर निगम में 10,000 से अधिक स्थायी नौकरियां देने और आउटसोर्सिंग सिस्टम खत्म करने का वादा किया है।
महिलाओं के नाम पर रजिस्टर्ड प्रॉपर्टी पर 50% टैक्स में छूट, वाहनों पर विशेष रियायत और हर वार्ड में क्रेच की सुविधा देने का भी ऐलान किया गया है।
बुजुर्गों के लिए फ्री हेल्थ चेकअप, डायबिटीज और बीपी की दवाएं, हर ज़ोन में मल्टी-स्पेशियलिटी अस्पताल और 24 घंटे हेल्थ सेंटर की सुविधा देने की बात भी मेनिफेस्टो में शामिल है। वहीं, युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी, स्टडी सेंटर और रोजगार के नए अवसरों पर जोर दिया गया है।
पर्यावरण के मुद्दे पर कांग्रेस ने तापी नदी के शुद्धिकरण के लिए अलग बजट और शहर में हर साल 10% ग्रीन कवर बढ़ाने का वादा किया है। इसके साथ ही 24 घंटे साफ पेयजल, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और बाढ़ की समस्या के स्थायी समाधान की भी योजना पेश की गई है।
ट्रैफिक और इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर गड्ढामुक्त सड़कों, नए फ्लाईओवर, मल्टी-लेवल पार्किंग और इलेक्ट्रिक बसों के जरिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट मजबूत करने की बात कही गई है।
समाज कल्याण के तहत कांग्रेस ने ‘फेस्टिवल पार्क’ बनाने, मॉडर्न एनिमल हॉस्पिटल स्थापित करने और फेरीवालों के लिए सुरक्षित वेंडिंग ज़ोन विकसित करने का भी वादा किया है। साथ ही सूरत को ‘साइबर फ्री सिटी’ बनाने के लिए कदम उठाने की बात कही गई है।
पार्टी नेताओं का कहना है कि यह मेनिफेस्टो जनता की भागीदारी से तैयार किया गया है और इसमें सामाजिक न्याय को केंद्र में रखा गया है। कांग्रेस ने दावा किया है कि अगर जनता उन्हें मौका देती है, तो वे सूरत के विकास और नागरिक सुविधाओं में बड़ा बदलाव लाएंगे।
