सूरत : मारवाड़ी युवा मंच की पहल, महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए नई योजना शुरू
पुलिस स्टेशन में ₹21,000 की सहायता से दुकान की शुरुआत, गृह उद्योग से महिलाएं बनेंगी आत्मनिर्भर
सूरत। सूरत में मारवाड़ी युवा मंच सूरत जागृति शाखा द्वारा नारी सशक्तिकरण के तहत एक सराहनीय पहल की गई है। इस प्रोजेक्ट के अंतर्गत एक पुलिस स्टेशन में महिलाओं के उत्थान के लिए ₹21,000 की सहयोग राशि प्रदान की गई, जिससे एक छोटी दुकान शुरू की जा सके और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिले।
इस पहल के साथ ही शाखा द्वारा गृह उद्योग योजना भी शुरू की गई है। इसके तहत महिलाएं अपने हाथों से आर्टिफिशियल ज्वेलरी, रेज़िन आर्ट, तोरण, आरती की थाली और कपड़े के थैले जैसे उत्पाद तैयार करेंगी। इन उत्पादों की बिक्री महिला पुलिस की देखरेख में की जाएगी और उससे होने वाली पूरी आमदनी सीधे संबंधित महिलाओं को दी जाएगी।
इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना और उन्हें स्वावलंबन की दिशा में आगे बढ़ाना है।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में शाखा की अध्यक्ष सुनीता खेतान, संस्थापक प्रेरणा भाऊवाला तथा सदस्य सपना खेराड़ी, गरिमा जैन और सुनीता सरावगी का विशेष योगदान रहा।
संस्था ने इस पहल में सहयोग और सहभागिता देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे सामाजिक कार्य निरंतर जारी रखे जाएंगे।
