दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके, अफगानिस्तान बॉर्डर रहा केंद्र

रिक्टर स्केल पर 5.9 तीव्रता, जम्मू-कश्मीर से पंजाब तक दहशत; फिलहाल किसी बड़े नुकसान की खबर नहीं

दिल्ली-NCR समेत उत्तर भारत में भूकंप के तेज झटके, अफगानिस्तान बॉर्डर रहा केंद्र

उत्तर भारत के कई हिस्सों में शुक्रवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। दिल्ली-NCR, जम्मू-कश्मीर और चंडीगढ़ समेत कई इलाकों में लोगों ने कंपन महसूस किया। भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान-ताजिकिस्तान बॉर्डर क्षेत्र में बताया गया है, जहां इसकी तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 दर्ज की गई।

भूकंप के झटकों से जम्मू-कश्मीर के कई इलाके कांप उठे, जहां लोगों ने लगातार दो झटके महसूस किए। इससे लोगों में घबराहट फैल गई और वे घरों से बाहर निकल आए। इसी तरह दिल्ली-NCR के नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में भी दफ्तरों और रिहायशी इलाकों से लोग एहतियातन बाहर निकलते देखे गए।

पंजाब के अमृतसर, लुधियाना और चंडीगढ़ में भी झटके महसूस किए गए। वहीं, पाकिस्तान और अफगानिस्तान में भी इसका असर देखा गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि अब तक किसी भी क्षेत्र से जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं मिली है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों से बचने की अपील की है।

विशेषज्ञों के अनुसार, पृथ्वी की सतह कई टेक्टोनिक प्लेटों से बनी होती है। इन प्लेटों की आपसी टक्कर या खिसकने से ऊर्जा बाहर निकलती है, जिसे भूकंप के रूप में महसूस किया जाता है। इसे टेक्टोनिक प्लेट सिद्धांत के तहत समझा जाता है। भूकंप का केंद्र सतह के जितना करीब होता है, उसका प्रभाव उतना ही अधिक होता है।

रिक्टर स्केल पर 5 से 5.9 की तीव्रता वाले भूकंप में फर्नीचर और पंखे हिलने लगते हैं। 6 या उससे अधिक तीव्रता होने पर इमारतों को नुकसान पहुंच सकता है, जबकि 7 से ऊपर की तीव्रता बड़े स्तर पर तबाही ला सकती है।

Tags: Ahmedabad

Related Posts