सूरत : नगर निगम चुनाव, भाजपा में टिकट के लिए जबरदस्त होड़, 2,000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने पेश की दावेदारी

वार्ड 1 से 30 तक दावेदारी प्रक्रिया पूरी, अब चयन के लिए पैनल बनाने की कवायद तेज

सूरत : नगर निगम चुनाव, भाजपा में टिकट के लिए जबरदस्त होड़, 2,000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने पेश की दावेदारी

सूरत। सूरत नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी में टिकट पाने के लिए कार्यकर्ताओं के बीच जबरदस्त प्रतिस्पर्धा देखने को मिली है। शहर के वार्ड नंबर 1 से 30 तक 120 सीटों के लिए पिछले तीन दिनों में कुल 2,000 से अधिक कार्यकर्ताओं ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की है।

आगामी नगर निगम चुनाव 26 अप्रैल को प्रस्तावित हैं, जबकि 8 अप्रैल से नामांकन प्रक्रिया शुरू होने वाली है। ऐसे में भाजपा द्वारा दावेदारों से आवेदन लेने की प्रक्रिया पिछले तीन दिनों से जारी थी, जो शुक्रवार को पूरी हो गई।

जानकारी के अनुसार, 1 अप्रैल को वार्ड 1 से 12, 2 अप्रैल को वार्ड 13 से 24 और 3 अप्रैल को वार्ड 25 से 30 तक के कार्यकर्ताओं ने पार्टी के ऑब्जर्वर्स के सामने अपनी दावेदारी रखी। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता अपनी उम्मीदवारी के समर्थन में पहुंचे।

दावेदारी प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्टी में अब चयन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत सांसदों, विधायकों और संगठन के पदाधिकारियों की कोऑर्डिनेशन मीटिंग सुबह से देर रात तक चली, जिसमें उम्मीदवारों के चयन को लेकर रणनीति पर चर्चा की गई।

बैठक में सूरत प्रभारी और क्षेत्रीय महासचिव डॉ. प्रशांत कोराट, सांसद मुकेश दलाल और प्रभु वसावा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। इसके अलावा गुजरात विधानसभा के उपाध्यक्ष पूर्णेश मोदी और अन्य पदाधिकारियों ने भी भाग लिया।

सूत्रों के मुताबिक, प्रत्येक वार्ड में एक सीट के लिए तीन-तीन नामों का पैनल तैयार किया जा रहा है। इसके लिए पहले चरण में दावेदारों की पात्रता की जांच की गई, जिसमें 60 वर्ष से अधिक आयु वाले कार्यकर्ताओं को सूची से बाहर कर दिया गया।

अब प्रत्येक वार्ड के लिए संभावित उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर अंतिम चयन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। टिकट को लेकर बढ़ी प्रतिस्पर्धा ने साफ कर दिया है कि इस बार चुनाव में मुकाबला कड़ा रहने वाला है।

Tags: Surat