सूरत : अग्रवाल हेल्थ सेंटर में सेवा का अनोखा माहौल, स्वास्थ्य शिविरों में उमड़ी भीड़
मार्च को ‘स्वास्थ्य माह’ के रूप में मनाते हुए 104 लोगों ने कराई जांच, वरिष्ठ नागरिकों के लिए घर-घर सैंपल कलेक्शन की सुविधा
अग्रवाल समाज ट्रस्ट द्वारा संचालित अग्रवाल हेल्थ सेंटर में इन दिनों सेवा और समर्पण का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। ट्रस्ट द्वारा मार्च माह को ‘स्वास्थ्य माह’ के रूप में मनाते हुए विभिन्न प्रकार के स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग लाभान्वित हो रहे हैं।
इसी क्रम में आयोजित एक स्वास्थ्य शिविर में 104 लाभार्थियों ने रक्त और यूरिन की जांच करवाई। वहीं, हेल्थ सेंटर द्वारा वरिष्ठ नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए घर से सैंपल कलेक्शन की सेवा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिसके तहत अगले दिन 13 लाभार्थियों के सैंपल उनके घर से एकत्र किए जाएंगे। रियायती पैकेज में आयोजित इस हेल्थ चेकअप कैंप में अपेक्षा से अधिक भीड़ देखने को मिली।
हेल्थ सेंटर के चेयरमैन श्रवण अग्रवाल और पर्यवेक्षक विनोद चिड़ावावाला ने बताया कि अब तक कुल 18 स्वास्थ्य जांच शिविरों का सफल आयोजन किया जा चुका है और आगे भी यह सेवा निरंतर जारी रहेगी।
आज के शिविर में अग्रवाल समाज ट्रस्ट के सचिव राजकुमार अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी ने भी स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। शिविर के सफल संचालन में विमल झांझरिया, प्रभात जालान और प्रकाश बेरीवाल का विशेष योगदान रहा।
